अमेरिका-चीन आर्थिक और सुरक्षा समीक्षा आयोग की 2026 की रिपोर्ट में दावा किया गया है कि चीन भारत की बढ़ती अर्थव्यवस्था और सैन्य क्षमता से चिढ़ा हुआ है और इसी कारण वह पाकिस्तान का समर्थन करता है। रिपोर्ट के मुताबिक, चीन 2020 से 2024 के बीच पाकिस्तान को 81 फीसदी हथियारों की सप्लाई करता रहा। कमीशन ने यह भी कहा है कि चीन सीधे भारत से युद्ध में नहीं उतरना चाहता, बल्कि पीछे से पाकिस्तान को समर्थन देना चाहता है।

रिपोर्ट में कहा गया है कि पहलगाम हमले के बाद ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान चीनी हथियारों के साथ-साथ चीन के आईटी सिस्टम, संचार उपकरण और डिजिटल सर्विस का इस्तेमाल कर रहा था। एक रिपोर्ट के मुताबिक पाकिस्तान चीन के सैटलाइट इमेजरी का इस्तेमाल करके भारत की जासूसी करता है। इन आरोपों पर चीन की ओर से कोई प्रतिक्रिया नहीं आई थी। वहीं चीन से जुड़े ऑनलाइन प्लैटफॉर्म्स पर राफेल विमानों को लेकर भ्रम फैलाया गया और जे-10 विमानों की तारीफ की गई।

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी भारत की विकास दर और अर्थव्यवस्था की तारीफ की है। चीन की यात्रा से लौटने के बाद उन्होंने भारत का उदाहरण देते हुए कहा कि अगर उनका रिजर्व बैंक ब्याज दरों को कम करे तो जीडीपी 4 फीसदी से 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। उन्होंने भारत की सात फीसदी जीडीपी का उदाहरण दिया। एक रिपोर्ट के मुताबिक भारत अब चीन के मार्केट को सीमित करने की कोशिश कर रहा है और बड़ी मात्रा में जेनेरिक दवाओं का उत्पादन कर रहा है। भारत अमेरिका को 21 फीसदी जेनरिक दवाइयां निर्यात कर रहा है, जिससे चीन के बाजार पर प्रभाव पड़ा है।