एथेनॉल उत्पादन के लिए चीनी के इस्तेमाल पर सरकार की ओर से लगाए गए प्रतिबंध के बाद चालू एथेनॉल आपूर्ति वर्ष (ईएसवाई 2027) के पहले महीने में देश का चीनी उत्पादन चार गुना से अधिक बढ़ गया है। शनिवार को जारी आईसीआरए की रिपोर्ट के अनुसार, इस अवधि में घरेलू चीनी उत्पादन बढ़कर 13 लाख मीट्रिक टन हो गया, जो एक साल पहले की समान अवधि से काफी अधिक है।

रिपोर्ट में अनुमान लगाया गया है कि एथेनॉल के लिए चीनी के उपयोग पर रोक से घरेलू बाजार में चीनी की उपलब्धता बढ़ेगी। हालांकि, उद्योग के अनुमानों के मुताबिक मौजूदा चीनी सीजन में भंडार का स्तर अपेक्षाकृत कम बना हुआ है। पिछले सीजन से आगे बढ़ने वाला भंडार ऐतिहासिक औसत से कम रहने का अनुमान है।

चीनी वर्ष 2027 में शुद्ध चीनी उत्पादन 2.8 से 2.9 करोड़ मीट्रिक टन रहने का अनुमान है, जबकि चीनी वर्ष 2026 में यह करीब 2.76 करोड़ मीट्रिक टन था। पिछले चीनी वर्ष में लगभग 30 लाख मीट्रिक टन चीनी का इस्तेमाल इथेनॉल उत्पादन के लिए किया गया था। रिपोर्ट के अनुसार, 2.83 करोड़ मीट्रिक टन की अनुमानित घरेलू खपत के मुकाबले एसवाई2027 के अंत तक 35 से 45 लाख मीट्रिक टन चीनी बचने का अनुमान है, जो एसवाई2026 के लिए अनुमानित 48 लाख मीट्रिक टन से कम है। इसमें 10 लाख मीटिक टन के स्वीकृत आयात कोटे को भी शामिल किया गया है। यह अनुमानित भंडार देश की दो महीने से भी कम खपत के बराबर होगा, जो दो से तीन महीने के ऐतिहासिक मानक से नीचे है।

त्योहारों के दौरान मजबूत मांग और आपूर्ति में कमी के बीच नवंबर में घरेलू चीनी की कीमतें मजबूत बनी रहीं। महाराष्ट्र में कीमतें अक्टूबर के 49.1 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर नवंबर में 51.4 रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं, जबकि उत्तर प्रदेश में ये 51.1 रुपए से बढ़कर 54.8 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गईं। आईसीआरए के अनुसार, अखिल भारतीय स्तर पर चीनी की कीमतें 51 रुपए से बढ़कर 54.7 रुपए प्रति किलोग्राम हो गईं। अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी अक्टूबर 2026 के दौरान चीनी की कीमतों में मजबूती दर्ज की गई। भारत के एथेनॉल मिश्रण कार्यक्रम के तहत ईएसवाई2026 में 20 प्रतिशत मिश्रण दर बनी रही और इस दौरान 1,089 करोड़ लीटर से अधिक एथेनॉल की आपूर्ति की गई।