अमेरिका के लॉस एंजलिस में रहने वाले 21 वर्षीय नाथन डेनियल और उसके 13 साथियों को चलती ट्रेनों से चोरी के आरोप में पकड़ा गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किए गए एक वीडियो में बताया गया है कि नाथन ने करीब 36 ट्रेनों में चोरी की थी, जिसमें 22.5 मिलियन डॉलर यानी करीब 208 करोड़ रुपये का सामान उड़ाया गया। चोर ब्रांडेड जूते, टूल्स और इलेक्ट्रॉनिक आइटम चोरी करते थे और फिर उन्हें ब्लैक मार्केट या सोशल मीडिया पर बेच देते थे।

वीडियो में दिखाया गया है कि चोर तेज रफ्तार से दौड़ती ट्रेन का गेट काटते हैं। इस दौरान ट्रेन पूरी स्पीड में होती है और जरा सी चूक पर उनकी जान जा सकती है, लेकिन वे हंसते और मस्ती करते नजर आते हैं। वीडियो में एक चोर के अलावा सभी का चेहरा ढका हुआ है। कोई डिब्बों के ऊपर लेटा दिखता है तो कोई सामान उठाते हुए। एक चोर खूब हंसते और बोलते भी नजर आता है।

बताया गया है कि ज्यादातर चोरियां दक्षिणी कैलिफोर्निया में की गई थीं। चोरी का सामान अमेरिका पहुंच चुका था और फिर ट्रेनों से देश के अलग-अलग हिस्सों में भेजा जा रहा था। चूंकि चोरी ब्रांडेड सामान की होती थी, इसका वित्तीय असर लंबा होता था। अब सभी 14 आरोपियों को पकड़ लिया गया है, लेकिन चोरी के दौरान रिकॉर्डिंग करने का उनका तरीका और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है।