नमो स्टेडियम में हुए दिलजीत दोसांझ के कॉन्सर्ट के दौरान गानों के बोल को लेकर चल रहे विवाद के बीच गायक ने विरोध करने वालों पर तंज कसा। उन्होंने माफी मांगने के बजाय दोहरे मापदंडों पर सवाल उठाए। दिलजीत ने कहा कि जब कोल्डप्ले बैंड 'आई एम फीलिंग ड्रंक एंड हाई' जैसी लाइन गाता है तो किसी को दिक्कत नहीं होती।
कॉन्सर्ट के मंच से दिलजीत ने कहा कि जिस स्टेडियम में वे परफॉर्म कर रहे हैं, वह दुनिया का सबसे बड़ा स्टेडियम है और इस पर गर्व होना चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले साल इसी स्टेडियम में कोल्डप्ले बैंड ने शो किया था और उसी दिन उन्होंने यहां शो करने का मन बनाया था। इस दौरान उन्होंने विदेशी कलाकारों के विरोध न होने और सिर्फ उनके गानों पर आपत्ति जताए जाने को लेकर सवाल खड़े किए।
गौरतलब है कि आमतौर पर विवादों में कलाकार माफी मांगकर मामला शांत करने की कोशिश करते हैं, लेकिन दिलजीत ने ऐसा नहीं किया। उनकी इस टिप्पणी के बाद सोशल मीडिया और फैंस के बीच बहस छिड़ गई है। एक तरफ उनके समर्थक उनके बेबाक अंदाज की सराहना कर रहे हैं, तो दूसरी तरफ गानों के बोल को लेकर विवाद जारी है।
रिपोर्ट के अनुसार, चंडीगढ़ के पीजीजीसी-46 में समाजशास्त्र के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. पंडित राव धरेनवर का दावा है कि 'पटियाला पेग', 'पंज तारा', 'जे बिच्चो अफीम लब्बिया' और 'जट्ट उत्थे फायर करदा' जैसे गानों के बोल शराब, नशीले पदार्थों और हथियारों को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने मांग की है कि दिलजीत अपनी परफॉरमेंस से इन चारों गानों को हटा दें।
