डिजिटल युग में बच्चे मोबाइल स्क्रीन पर देखे जा रहे वायरल वीडियो के आधार पर दुनिया के बारे में राय बना रहे हैं। जापान में हुए एक सर्वे के अनुसार, विदेशियों के प्रति पूर्वाग्रह रखने वाले स्कूली बच्चों की संख्या तीन साल में लगभग दोगुनी हो गई है।
टोक्यो यूनिवर्सिटी के समाज विज्ञान के प्रोफेसर नोरिहिरो नीहेई ने हाल ही में 10 सरकारी स्कूलों के करीब 2,000 बच्चों पर एक सर्वे किया। नतीजों में 41.5% छात्रों ने माना कि विदेशियों की आबादी बढ़ने से उनके समाज को कोई फायदा नहीं होगा। साल 2022 में ऐसा सोचने वाले बच्चों की संख्या 22.2% थी। यानी तीन साल के भीतर यह आंकड़ा लगभग दोगुना हो गया है।
जापान के संचार मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, वहां 6 से 12 साल के 42% से ज्यादा बच्चे सोशल मीडिया पर सक्रिय हैं और 13 साल की उम्र के बाद यह संख्या 92.9% तक पहुंच जाती है। कांडा यूनिवर्सिटी ऑफ इंटरनेशनल स्टडीज के लेक्चरर जेफ्री हॉल के अनुसार, सोशल मीडिया पर विदेशियों के खिलाफ कंटेंट बार-बार सामने आता है, जिसका बच्चों के दिमाग पर गहरा असर पड़ता है। वहीं, 'इंटरनेशनल एसोसिएशन फॉर द इवैल्यूएशन ऑफ एजुकेशनल अचीवमेंट' का कहना है कि जो स्कूल बच्चों को मिलजुल कर रहना और आपसी विश्वास सिखाते हैं, वहां के छात्र विदेशी प्रवासियों के प्रति ज्यादा संवेदनशील होते हैं।
यह परेशानी सिर्फ जापान तक सीमित नहीं है। भारत में 14 से 16 साल के करीब 90% बच्चों के घर में स्मार्टफोन मौजूद है और इनमें से 76% बच्चे सोशल मीडिया का खूब इस्तेमाल करते हैं। यूनिसेफ इंडिया के एक ऑनलाइन सेफ्टी सर्वे के मुताबिक, 40% लोगों ने माना कि वे दिन भर में 4 घंटे से ज्यादा समय इंटरनेट पर बिताते हैं। 'यूथ टाइम जापान' की एक रिपोर्ट बताती है कि हाई स्कूल के लगभग 32% लड़के और 42% लड़कियां इंटरनेट पर झूठी जानकारी का शिकार हो चुके हैं। नस्लभेद विरोधी शिक्षा पर काम कर चुकीं शोधकर्ता मिजुकी नाकाहारा के अनुसार, आज स्कूलों में ऐसी शिक्षा देने की सख्त जरूरत है, जिससे बच्चे इंटरनेट पर फैलाई जा रही नफरत और झूठ को पहचान सकें।
