एससीओ समिट में हिस्सा लेने भारत आए पाकिस्तान के क्लाइमेट चेंज मंत्री मुसादिक मसूद मलिक ने सिंधु जल संधि रद्द किए जाने से जुड़े सवाल पर कहा कि पहले आसान मुद्दों पर बात करते हैं। वह पिछले तीन साल में भारत का दौरा करने वाले पहले पाकिस्तानी मंत्री हैं।

पिछले साल अप्रैल में हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत ने सिंधु जल संधि रद्द कर दी थी, जिसके बाद दोनों देशों के बीच तनाव बढ़ गया था। इसी संधि को लेकर जब मलिक से सवाल किया गया, तो उन्होंने कहा, "पहले आसान मुद्दों पर बात करते हैं और बाद में हम और पाकिस्तान से जुड़े ज्यादा चिंता वाले मुद्दों पर बात कर सकते हैं।"

मलिक ने आगे कहा कि इस इलाके में शांति होनी चाहिए और यहां के मसलों को सुलझाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि पहला फोकस गरीब और कमजोर लोगों पर होना चाहिए, जो पहाड़ों के इस तरफ और उस तरफ रहते हैं। उनके मुताबिक, बेहतर होगा कि सभी देश एक साथ बैठकर उन लोगों पर चर्चा करें जिन पर इन मसलों का असर पड़ता है और उनके लिए समाधान तलाशा जाए।

बता दें कि भारत की मेजबानी में रविवार को आयोजित एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच ने 'इंद्रप्रस्थ घोषणापत्र' नाम से एक दस्तावेज जारी किया, जिसमें सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और हर सभ्यता को समान आवाज के रूप में सम्मान देने का आह्वान किया गया है। पुराने किले में आयोजित तीन दिवसीय बैठक का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने 20 नवंबर को किया था। यह पूछे जाने पर कि क्या सम्मेलन से इतर भारत और पाकिस्तान के बीच कोई औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता हुई, केंद्रीय संस्कृति सचिव विवेक अग्रवाल ने कहा कि दोनों पक्षों के बीच कोई औपचारिक द्विपक्षीय वार्ता नहीं हुई। हालांकि, उन्होंने कहा कि भारतीय पक्ष के सदस्यों ने भोज के दौरान उनके साथ बातचीत की।