अमेरिका की एक पैनल रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान को चीन की सैन्य मदद मिलने की बात सामने आई है। कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को कहा कि इसकी पुष्टि के लिए किसी अमेरिकी रिपोर्ट की जरूरत नहीं थी, क्योंकि यह बात पिछले साल ऑपरेशन के दौरान ही सामने आ रही थी। उन्होंने कहा कि तब भारत सरकार ने सार्वजनिक रूप से कुछ नहीं कहा, लेकिन खबरें थीं कि चीनी इंजीनियर और सैन्य अधिकारी पाकिस्तान के कुछ कमांड एंड कंट्रोल सेंटरों में मौजूद थे। तत्कालीन उप सेना प्रमुख की ओर से भी यह जानकारी सामने आई थी कि चीन पाकिस्तान को रियल टाइम सैटेलाइट इंटेलिजेंस मुहैया करा रहा था।

थरूर ने कहा कि अमेरिकी रिपोर्ट ने अपने नजरिए से इन दोनों बातों की पुष्टि की है, लेकिन भारत सरकार को इसकी जानकारी पहले से रही होगी। उनके मुताबिक, यह खबर सरकार के लिए नई नहीं, बल्कि मीडिया के लिए नई हो सकती है। विदेश नीति पर नजर रखने वाले लोग पहले से सचेत थे कि चीन ने पिछले साल पाकिस्तान के साथ सैन्य सहयोग के मामले में एक कदम आगे बढ़ाया था, जिसके दक्षिण एशिया के रणनीतिक समीकरणों पर दूरगामी असर पड़ सकते हैं। थरूर ने कहा कि अमेरिकी रिपोर्ट उन तथ्यों की पुष्टि कर रही है, जो पहले से सार्वजनिक रूप से उपलब्ध थे।

अमेरिका-चीन आर्थिक और सुरक्षा समीक्षा आयोग (USCC) की 18 नवंबर को जारी रिपोर्ट में कई बड़े दावे किए गए हैं। रिपोर्ट में मई 2025 में ऑपरेशन सिंदूर के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच हुए सैन्य संघर्ष का विस्तार से जिक्र है। इसमें बताया गया कि 21 अप्रैल 2025 को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिनमें ज्यादातर पर्यटक थे। जवाब में भारत ने पाकिस्तान में मौजूद आतंकी ठिकानों को निशाना बनाते हुए ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसके बाद दोनों देशों के बीच सैन्य तनाव बढ़ गया। इस दौरान पाकिस्तान ने चीन से खरीदे गए आधुनिक हथियारों का इस्तेमाल किया। रिपोर्ट के मुताबिक, इससे यह दिखता है कि चीन सीधे युद्ध में शामिल हुए बिना भी संकट के समय पाकिस्तान की सैन्य क्षमता बढ़ा सकता है।

रिपोर्ट में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत के अहम सरकारी और अन्य नेटवर्क पर साइबर हमलों की कोशिशों का भी जिक्र है। इसमें कहा गया कि हैकरों ने भारत के अहम बुनियादी ढांचे को निशाना बनाने के लिए बड़े पैमाने पर डिस्ट्रिब्यूटेड डिनायल ऑफ सर्विस (DDoS) हमले करने की कोशिश की, जिनका मकसद सरकारी नेटवर्क समेत जरूरी सेवाओं से जुड़े सिस्टम को बाधित करना था। हालांकि, रिपोर्ट ने इन साइबर हमलों के पीछे चीन की सीधी भूमिका को लेकर साफ दावा नहीं किया है। रिपोर्ट में यह भी कहा गया कि भारत और चीन के बीच प्रतिस्पर्धा को केवल अमेरिका के साथ भारत की नजदीकी के नजरिए से नहीं देखा जाना चाहिए। भारत अपनी रणनीतिक जरूरतों और स्वतंत्र विदेश नीति के आधार पर फैसले लेता है, जिसमें रणनीतिक स्वायत्तता अहम है।