इस्लामाबाद: पाकिस्तान के प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ 30 नवंबर को रूस दौरे पर जाएंगे, जहां वे रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन से मुलाकात करेंगे। पाकिस्तान के अनुसार यह दौरा पुतिन के निमंत्रण पर हो रहा है और यह दो से चार दिनों का हो सकता है। रिपोर्टों के मुताबिक, शहबाज शरीफ इस दौरे के दौरान पुतिन को शंघाई सहयोग संगठन (SCO) की बैठक में पाकिस्तान आने का निमंत्रण देंगे। हालांकि, पुतिन ने पाकिस्तान यात्रा को लेकर कुछ नहीं कहा है और वे अभी तक एक बार भी पाकिस्तान नहीं गए हैं।
शहबाज शरीफ इससे पहले मार्च 2026 में रूस जाने वाले थे, लेकिन ईरान पर इजरायली और अमेरिकी हमले के कारण बढ़े तनाव को देखते हुए उन्होंने अपना दौरा स्थगित कर दिया था। तब से उनका रूस दौरा अटका हुआ था। यात्रा के दौरान शहबाज शरीफ पुतिन के साथ द्विपक्षीय बातचीत करेंगे और पाकिस्तान-रूस संयुक्त व्यापार मंच को संबोधित करने की भी उम्मीद है। उनके साथ पाकिस्तानी व्यापारियों का एक बड़ा प्रतिनिधिमंडल भी रूस जाएगा। इस दौरान वे पुतिन को 2027 में पाकिस्तान आने का निमंत्रण दे सकते हैं।
दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय व्यापार, निवेश, मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर बातचीत, भुगतान निपटान और बैंकिंग संबंधी बाधाओं को दूर करने पर चर्चा होने की संभावना है। इसके अलावा तेल और गैस के क्षेत्र में सहयोग, रेल और परिवहन संपर्क, क्षेत्रीय सुरक्षा और पाकिस्तान स्टील मिल्स को फिर से चालू करने को लेकर भी बातचीत हो सकती है।
भारत-रूस संबंध ऐतिहासिक रूप से मजबूत रहे हैं और कई क्षेत्रों में व्यापार स्तर तक फैले हुए हैं। रूस ने हाल के वर्षों में पाकिस्तान के साथ भी सीमित सैन्य, व्यापारिक और क्षेत्रीय संपर्क बढ़ाए हैं और दोनों देशों के बीच लगातार कई बैठकें हुई हैं। हालांकि, पाकिस्तान-रूस संबंधों में मजबूती के बावजूद भारत मॉस्को की विदेश नीति और रक्षा-व्यापारिक प्राथमिकताओं में केंद्र में बना हुआ है।
