दोहा के वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के आठवें मुकाबले में इंडिया ए को पाकिस्तान ए के खिलाफ 48 रनों की हार का सामना करना पड़ा। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए पाकिस्तान ए ने 313 रन बनाए। जवाब में इंडिया ए की पारी आखिरी ओवर में 265 रनों पर सिमट गई। इस जीत के साथ पाकिस्तान ए ने दो मैचों में दो जीत दर्ज की हैं, जबकि इंडिया ए को दो मैचों में पहली हार मिली है।
पाकिस्तान ए की शुरुआत अच्छी रही। शमील हुसैन और माज सदाकत ने पहले विकेट के लिए 7.5 ओवर में 66 रन जोड़े। शमील ने 23 गेंदों में 4 चौके और 2 छक्कों की मदद से 33 रन बनाए। माज सदाकत ने 63 गेंदों में 6 चौके और एक छक्के की मदद से 59 रन की पारी खेली। हसन नवाज ने 82 गेंदों में 5 चौके और 4 छक्कों की मदद से 79 रन बनाए, जबकि फरहान युसफ ने 48 गेंदों में 56 रन जोड़े। इंडिया ए की ओर से प्रिंस यादव और हर्षित राणा ने दो-दो विकेट लिए, जबकि सूर्यांश शेडगे और विपराज निगम को भी दो-दो सफलता मिली। आयुष बडोनी ने एक विकेट चटकाया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी इंडिया ए की शुरुआत अच्छी नहीं रही। अभिषेक शर्मा ने तूफानी बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 6 चौके और 6 छक्कों की मदद से 70 रन बनाए। 26वें ओवर में 129 रन पर 6 विकेट गिरने के बाद कप्तान तिलक वर्मा को शाहबाज अहमद का साथ मिला और दोनों ने 108 गेंद पर 112 रनों की साझेदारी निभाई। तिलक ने 148 गेंदों पर शतक पूरा किया और 100 रन बनाकर आखिरी विकेट के रूप में आउट हुए, जबकि शाहबाज 56 रन बनाकर पवेलियन लौटे। पाकिस्तान ए की ओर से अली रजा और हसन नवाज को तीन-तीन विकेट मिले।
