दोहा में एशिया कप राइजिंग स्टार्स 2026 के मुकाबले में पाकिस्तान ए ने इंडिया ए को 48 रन से हरा दिया। वेस्ट एंड पार्क इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए इस मैच में दोनों टीमों के खिलाड़ियों के बीच बहस भी देखने को मिली। पाकिस्तानी पारी के दौरान शुरू हुआ यह विवाद भारतीय पारी के दौरान भी जारी रहा।

इंडिया ए के लिए 10वें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए हर्षित राणा खाता नहीं खोल सके। मोहम्मद इमरान रंधावा के खिलाफ छक्का मारने की कोशिश में वह बाउंड्री लाइन पर लपक लिए गए। आउट होकर पवेलियन लौटते समय पाकिस्तानी खिलाड़ी उनसे भिड़ने की कोशिश करते दिखे और कई खिलाड़ी उनके करीब पहुंचे। इनमें सबसे ज्यादा जोश में सुफियान मुकीम नजर आए, जो हर्षित के काफी करीब पहुंच गए थे। अली रजा के साथ अंपायर ने उन्हें दूर किया। इसके बाद नॉन स्ट्राइकर एंड पर मौजूद तिलक वर्मा के साथ भी मुकीम की बहस हो गई। पाकिस्तान के कप्तान अब्दुल समद ने मुकीम को धक्का देकर दूर भेज दिया।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान ए की टीम 49.2 ओवरों में 313 रन पर सिमट गई। हसन नवाज ने सबसे ज्यादा 79 रन बनाए। जवाब में इंडिया ए की पारी आखिरी ओवर में 265 रनों पर सिमट गई। टीम के टॉप-7 बल्लेबाजों में सिर्फ अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा ही 15 रनों का आंकड़ा पार कर सके। तिलक वर्मा ने 149 गेंदों पर 100 रन की पारी खेली, जबकि अभिषेक शर्मा ने 42 गेंदों पर 70 रन बनाए।

इस जीत के साथ पाकिस्तान ए ने ग्रुप-बी की प्वाइंट्स टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया है। तिलक वर्मा की शतकीय पारी के बावजूद इंडिया ए टीम जीत हासिल नहीं कर सकी।