भारत दौरे पर आए पाकिस्तान के जलवायु परिवर्तन मंत्री मुसादिक मसूद मलिक सिंधु जल संधि पर अपने पुराने बयान से मुकरते नजर आए। शंघाई सहयोग संगठन (SCO) के 'सभ्यतागत संवाद मंच' में हिस्सा लेने नई दिल्ली पहुंचे मलिक से जब पत्रकारों ने सिंधु जल संधि को लेकर उनकी पिछली धमकियों पर सवाल पूछा, तो उन्होंने कहा कि भारत ने उन्हें इस मुद्दे पर चर्चा के लिए आमंत्रित ही नहीं किया है। उन्होंने कहा कि जब उन्हें सिंधु जल संधि पर बातचीत के लिए बुलाया जाएगा, तब वे जरूर चर्चा करेंगे।

गौरतलब है कि इसी साल अक्टूबर में मलिक ने सिंधु जल संधि को स्थगित रखने के भारत के फैसले पर भड़काऊ बयान देते हुए कहा था कि जो भी पाकिस्तान के पानी को छुएगा, उसके हाथ काट दिए जाएंगे। भारत ने यह कदम 22 अप्रैल को हुए पहलगाम आतंकी हमले के बाद उठाया था। नई दिल्ली का रुख साफ है कि जब तक पाकिस्तान आतंकवाद को समर्थन देना बंद नहीं करता, तब तक यह संधि स्थगित रहेगी।

आतंकवाद से जुड़े सवालों पर भी मलिक ने बचाव की मुद्रा अपनाई। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान बातचीत और सबूत पेश करने के लिए तैयार है। मलिक ने दावा किया कि यदि स्थायी समाधान खोजना है, तो चर्चा सबूतों के आधार पर होनी चाहिए। उनके मुताबिक, यह मसला द्विपक्षीय या बहुपक्षीय स्तर पर उठाया जा सकता है, जहां दोनों पक्ष अपने-अपने सबूत रख सकें।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही साफ कह चुके हैं कि आतंक और बातचीत साथ-साथ नहीं चल सकते; खून और पानी एक साथ नहीं बह सकते।