मेक्सिको सिटी। मेक्सिको के सिनालोआ राज्य में कुख्यात ड्रग लॉर्ड फाउस्टो इसिड्रो मेजा फ्लोरेस उर्फ एल चापो इसिड्रो की गिरफ्तारी के बाद हिंसा भड़क उठी है। अब तक इस हिंसा में 11 लोगों की मौत हो चुकी है। मेक्सिको की स्पेशल फोर्सेज ने कई हफ्तों की योजना के बाद उसे पकड़ा। वह अमेरिकी जांच एजेंसी एफबीआई की 10 मोस्ट-वांटेड सूची में शामिल बदनाम कार्टेल लीडर है। उसे सिनालोआ के गुआसावे में एक कंपाउंड से गिरफ्तार किया गया।
मेक्सिको के रक्षा मंत्रालय के अनुसार, गिरफ्तारी के बाद गुआसावे में सेना और गिरोह के बंदूकधारियों के बीच भीषण गोलीबारी हुई। इसके बाद शहर में ट्रकों और कारोबारी प्रतिष्ठानों में आग लगा दी गई। मंत्रालय के मुताबिक इन झड़पों में सात संदिग्ध गिरोह सदस्य और चार सैनिक मारे गए। बड़े पैमाने पर आम लोगों के घायल होने की खबरें भी हैं और कई घरों व दुकानों को भारी नुकसान पहुंचा है।
मेजा फ्लोरेस पहले बेल्ट्रान लेवा गिरोह का नेतृत्व करता था और बाद में अपने आपराधिक संगठन मेजा-फ्लोरेस ट्रांसनेशनल क्रिमिनल ऑर्गनाइजेशन का प्रमुख बन गया। यह ग्रुप पहले अब खत्म हो चुके बेल्ट्रान लेवा कार्टेल का हिस्सा था, लेकिन 2013 से अलग काम कर रहा है। अमेरिका ने उसकी गिरफ्तारी में मददगार सूचना देने पर पांच करोड़ डॉलर का इनाम घोषित किया था। उस पर अमेरिका में मादक पदार्थों की तस्करी और अवैध हथियार रखने के आरोप हैं।
मैक्सिकन सेना के अनुसार, उसे पहले भी दो बार पकड़ने की कोशिश की गई थी। इस ऑपरेशन में मेक्सिको की नेशनल गार्ड की स्पेशल फोर्स, नेशनल आर्मी और अमेरिकी खुफिया एजेंसियां शामिल थीं। द न्यूयॉर्क टाइम्स के मुताबिक, अमेरिकी एजेंसियों ने ड्रोन सर्विलांस से उसके छिपने के इलाके पर नजर रखी और उसकी बातचीत इंटरसेप्ट की। एजेंसियों ने उसकी मां, पत्नी और बहन के साथ हुए टेक्स्ट मैसेज भी पढ़े। शुक्रवार को फोन और रेडियो कम्युनिकेशन के साथ ड्रोन सर्विलांस की मदद से उसे गुआसावे में एक घर में ट्रैक किया गया। स्पेशल फोर्स ने उसकी आवाज, बनावट और चलने के तरीके से पुष्टि की कि वह वही है, और फिर छापेमारी की।
