गाजियाबाद में अप्रैल से सितंबर के बीच सरकारी और प्राइवेट अस्पतालों में जन्मे 32,734 शिशुओं को हेपेटाइटिस का टीका नहीं लगाया गया है। शासन स्तर से जारी रिपोर्ट के अनुसार जिले में अस्पतालों में जन्मे बच्चों का हेपेटाइटिस टीकाकरण सिर्फ 27.39 प्रतिशत रहा, जो मेरठ मंडल में सबसे कम है। प्रदेश में यह आंकड़ा 39.44 प्रतिशत है। शासन ने इस लापरवाही की समीक्षा के निर्देश दिए हैं।

एनएचएम निदेशक डॉ. पिंकी जोवल ने सभी जिलों को पत्र जारी कर हेपेटाइटिस टीकाकरण की कवरेज शत प्रतिशत करने के सख्त निर्देश दिए हैं। अपर निदेशक चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मेरठ मंडल डॉ. मनोज कुमार सेन के अनुसार टीकाकरण में रह गई कमियों को दूर करने के लिए संबंधित जिलों के सीएमओ और जिला प्रतिरक्षण अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं और जल्द सुधार की संभावना है। पोर्टल पर की गई रिपोर्टिंग गैप का भी सत्यापन कराया जा रहा है।

हेपेटाइटिस वैक्सीन मुख्य रूप से हेपेटाइटिस ए और हेपेटाइटिस बी वायरस से होने वाले लिवर संक्रमण से बचाव करती है। इसकी पहली खुराक जन्म के तुरंत बाद देना जरूरी है। शिशुओं को संयोजन वाली वैक्सीन की तीन खुराकें दी जाती हैं — पहली जन्म के तुरंत बाद, दूसरी दो महीने की उम्र में और तीसरी 6 से 18 महीने की उम्र में।