गाजियाबाद में उत्तर प्रदेश प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (UPPCB) ने 300 ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियों को नोटिस भेजा है। नोटिस के मुताबिक सोसाइटी परिसर के अंदर और बाहर नियमित रूप से पानी का छिड़काव करना अनिवार्य होगा। यह कदम दिल्ली-एनसीआर में दीपावली के साथ बढ़े वायु प्रदूषण को देखते हुए उठाया गया है। जिले में 400 से ज्यादा छोटी-बड़ी ग्रुप हाउसिंग सोसाइटियां हैं और दूसरे चरण में 100 अन्य सोसाइटियों को भी नोटिस भेजा जाएगा।
नोटिस में कहा गया है कि सोसाइटी की एओए, आरडब्ल्यूए और बिल्डर को पानी का छिड़काव अनिवार्य रूप से करना होगा। बोर्ड का मानना है कि इससे धूल के कणों को हवा में उड़ने से रोकने में मदद मिलेगी। सोसाइटी के बाहर की सड़कों पर नगर निगम की टीमें छिड़काव करेंगी। बोर्ड ने एओए और आरडब्ल्यूए से अपील भी की है कि वे लोगों को वायु प्रदूषण के प्रति जागरूक करें और जहां तक संभव हो पब्लिक ट्रांसपोर्ट तथा कार पूलिंग का इस्तेमाल करने के लिए समझाएं।
शुक्रवार सुबह जिले का औसत एक्यूआई 232 दर्ज हुआ, जो खराब श्रेणी में आता है। प्रदूषण का सबसे ज्यादा असर लोनी इलाके में देखा गया। अधिकारियों के अनुसार सर्दी बढ़ने के साथ हवा में नमी और धूल के कणों की मात्रा बढ़ जाती है, जिससे प्रदूषण का स्तर और बढ़ने का खतरा रहता है। ऐसे में सोसाइटियों में नियमित छिड़काव से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है।
UPPCB के क्षेत्रीय अधिकारी अंकित सिंह ने बताया कि शहर की सभी सोसाइटियों को नोटिस भेजे जा रहे हैं और सोसाइटियों का रखरखाव करने वाली संस्थाओं को अंदर और बाहर पानी का छिड़काव कराना होगा। उन्होंने कहा कि बोर्ड सोसाइटियों की निगरानी भी करेगा और लापरवाही बरतने वालों के खिलाफ आगे कार्रवाई की जा सकती है।
