अमेरिका से महंगाई और आर्थिक मोर्चे के ताजा आंकड़े आते ही अंतरराष्ट्रीय और भारतीय वायदा बाजारों में सोने-चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। बुधवार शाम करीब 7 बजे भारतीय समयानुसार जारी इन आंकड़ों के दबाव में MCX पर सोना एक ही दिन में 2.15 प्रतिशत यानी ₹3,139 गिरकर ₹1,19,190 प्रति 10 ग्राम पर आ गया। चांदी में इससे भी बड़ी गिरावट रही और यह 4.30 प्रतिशत यानी ₹6,838 लुढ़ककर ₹1,38,600 प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार (कॉमेक्स) में भी कीमती धातुओं की चमक फीकी पड़ी। आंकड़े जारी होने के बाद कॉमेक्स पर सोना 2.56 प्रतिशत यानी $89 से अधिक टूटकर $3,472 प्रति औंस के नीचे चला गया, जबकि चांदी 4.22 प्रतिशत से अधिक की कमजोरी के साथ $39 प्रति औंस पर आ गई।
गिरावट की मुख्य वजह अमेरिका में उम्मीद से ज्यादा बढ़ी महंगाई बताई जा रही है। अक्टूबर के ताजा आंकड़ों के अनुसार अमेरिका की पर्सनल कंजम्पशन एक्सपेंडिचर (PCE) महंगाई दर सालाना आधार पर बढ़कर 3.8 प्रतिशत हो गई है, जो मई के बाद का सबसे ऊंचा स्तर है। कोर PCE महंगाई दर भी अनुमान को पार करते हुए 3.3 प्रतिशत पर पहुंच गई, जो पिछले तीन साल का उच्चतम स्तर है। अमेरिकी वाणिज्य विभाग के मुताबिक अक्टूबर में ड्यूरेबल गुड्स के ऑर्डर 0.4 प्रतिशत के अनुमान के मुकाबले केवल 0.2 प्रतिशत बढ़े, जबकि सितंबर में यह आंकड़ा 2.0 प्रतिशत था।
ऑल इंडिया ज्वैलर्स एंड गोल्डस्मिथ फेडरेशन के राष्ट्रीय महासचिव एवं केडिया रिसर्च एंड लर्निंग हब के रिसर्च एनालिस्ट नितिन केडिया ने बताया कि अमेरिकी आंकड़ों ने दिसंबर में ब्याज दर बढ़ने की उम्मीद को और बल दिया है। उनके अनुसार जुलाई-सितंबर में अर्थव्यवस्था की सालाना रफ्तार का अनुमान 3.4 प्रतिशत से बढ़ाकर 4.3 प्रतिशत किया गया और बेरोजगारी भत्ते के नए दावे घटकर 1.89 लाख रह गए। अक्टूबर में खाने-पीने और ऊर्जा को छोड़कर महंगाई महीने भर में अनुमान के मुताबिक 0.3 प्रतिशत बढ़ी, लेकिन सालाना दर 3.1 प्रतिशत से बढ़कर 3.3 प्रतिशत हो गई। केडिया के मुताबिक अमेरिकी अर्थव्यवस्था ऊंची ब्याज दरें सहने की स्थिति में दिख रही है और सोने-चांदी के लिए यही बड़ी चुनौती है। टेक शेयरों में गिरावट के बीच उधार लेकर सौदे करने वाले कुछ फंडों ने नकदी जुटाने के लिए भी धातुएं बेची होंगी। विशेषज्ञों के अनुसार बाजार की नजर अब 4 दिसंबर और 9 दिसंबर पर रहेगी।
