शामली के जलालाबाद में पंजाब नेशनल बैंक की शाखा में 85 करोड़ रुपये से अधिक की कथित धोखाधड़ी के मामले में आयकर विभाग ने भी जांच शुरू कर दी है। मामले के विवेचक ने तीन खातों में बड़े लेनदेन की रिपोर्ट आयकर विभाग को भेजी है। आरोपित बैंक मित्र की जमानत अर्जी अदालत ने खारिज कर दी है।

आरोप है कि मुजफ्फरनगर के थाना कोतवाली पीएनबी वाली गली निवासी अंकुर सैनी पुत्र जिनेश्वर उर्फ जनेश्वर सैनी ने तत्कालीन बैंक प्रबंधकों, फील्ड अफसर व अन्य की कथित मिलीभगत से खाताधारकों के साथ धोखाधड़ी की। वह बैंक में बैठकर ग्राहकों से पैसा लेता था, लेकिन रकम खातों में जमा करने के बजाय पासबुक और रसीद पर फर्जी एंट्री कर देता था। वर्तमान शाखा प्रबंधक मानवेंद्र सिंह ने छह मई 2026 को शाखा का कार्यभार संभाला। इसके बाद आठ जून 2026 को दो महिला खाताधारकों ने पैसा देने के बावजूद खाते में रकम जमा न होने पर हंगामा किया, जिससे मामले का पर्दाफाश शुरू हुआ। दस जून 2026 को शाखा प्रबंधक की तहरीर पर थानाभवन थाने में आरोपित बैंक मित्र के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया। जांच निरीक्षक गुरदयाल सिंह को सौंपी गई। मुकदमा दर्ज होने के बाद आरोपित ने न्यायालय में आत्मसमर्पण कर दिया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

विवेचना के दौरान पुलिस ने न्यायालय में चार्जशीट दाखिल की। जांच में पता चला कि आरोपित के तीन खातों में कुल 85 करोड़ 71 हजार 274 रुपये का लेनदेन हुआ है। इनमें खाता संख्या 07100004011102073 में 22,71,36,347 रुपये, खाता संख्या 07100002100009396 में 8,34,81,430 रुपये और खाता संख्या 07100002100007787 में 53,94,53,497 रुपये का लेनदेन दर्ज मिला। इसके अलावा रिश्तेदारों के खातों में भी बड़ी रकम भेजे जाने के संकेत मिले हैं। बड़े लेनदेन को देखते हुए विवेचक ने आयकर विभाग को रिपोर्ट भेजी है। अब आयकर विभाग के रडार पर आरोपित के साथ उसके रिश्तेदारों के खाते भी आ गए हैं।

आरोपित ने 14 सितंबर 2026 को जमानत अर्जी दी थी, जिसे अदालत ने खारिज कर दिया था। दूसरी बार 19 नवंबर 2026 को अपर सत्र न्यायाधीश सुरेंद्र कुमार राय ने उसकी जमानत अर्जी खारिज कर दी, जिसके बाद पीड़ित खाताधारकों ने अदालत पर भरोसा जताया है। इस मामले में पूर्व शाखा प्रबंधकों जसवीर सिंह और श्रेय बिष्ट के निलंबन की कार्रवाई हो चुकी है, जबकि इससे पहले के कार्यकाल से जुड़े अन्य संदिग्धों पर भी कार्रवाई की बात कही जा रही है।