गोरखपुर में गोला क्षेत्र के रहने वाले आशुतोष ने आरोप लगाया है कि बैंकाक से लाए सोने के दो ब्रेसलेट और दो चेन उनसे छीन लिए गए। युवक की सूचना पर पुलिस मामले की जांच कर रही है, लेकिन शुरुआती पड़ताल में इसे लूट के बजाय आपसी लेनदेन के विवाद से जुड़ा माना जा रहा है।
आशुतोष का कहना है कि वह मनोज तिवारी से बैंकाक में सोने के दो ब्रेसलेट और दो चेन लेकर आया था। कोलकाता से विमान के जरिये गोरखपुर पहुंचने के बाद वह एयरपोर्ट से कलेक्ट्रेट होते हुए रोडवेज बस स्टेशन जा रहा था। आरोप है कि इसी दौरान मनोज का चचेरा भाई कुछ दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और सोने के आभूषण छीनकर फरार हो गया।
पुलिस युवक से पूछताछ कर उसके बताए घटनाक्रम की पड़ताल कर रही है। एयरपोर्ट से कलेक्ट्रेट और रोडवेज बस स्टेशन तक के रास्ते में उसकी गतिविधियों की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
एसपी सिटी निमिष पाटील ने बताया कि शुरुआती जांच में आपसी लेनदेन का मामला सामने आया है। पुलिस सभी पहलुओं की पड़ताल कर रही है और जल्द ही पूरे मामले को सुलझा लिया जाएगा।
