टाटा स्टील ने भारत में अपने डाउनस्ट्रीम कारोबार के विस्तार के लिए एपीएल अपोलो ट्यूब्स लिमिटेड और उसके प्रमोटरों के साथ व्यापक रणनीतिक समझौता किया है। समझौते के तहत टाटा स्टील अपनी पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टाटा स्टील कलर्स प्राइवेट लिमिटेड की पूरी हिस्सेदारी और अपना स्टील ट्यूब कारोबार एपीएल अपोलो को हस्तांतरित करेगी। इसमें 1.7 एमटीपीए क्षमता का स्टील ट्यूब कारोबार और 0.8 एमटीपीए क्षमता के सरफेस कोटेड काइल शामिल हैं। इस सौदे का कुल मूल्य 28,000 करोड़ रुपये निर्धारित किया गया है।

टाटा स्टील एपीएल अपोलो के प्रमोटरों की 26.6 प्रतिशत हिस्सेदारी 2,100 रुपये प्रति शेयर की दर से खरीदेगी, जिस पर 15,510 करोड़ रुपये खर्च होंगे। साथ ही कंपनी 2,301.40 रुपये प्रति शेयर की दर से अतिरिक्त 26 प्रतिशत हिस्सेदारी के लिए ओपन ऑफर भी लाएगी, जिस पर लगभग 16,756 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। सभी सौदे नियामकीय मंजूरी और ओपन ऑफर की प्रक्रिया पूरी होने के अधीन हैं। कंपनी को उम्मीद है कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के भीतर पूरी प्रक्रिया संपन्न हो जाएगी।

इस रणनीति के तहत टाटा स्टील ने एपीएल अपोलो के प्रमोटर समूह से जुड़ी कंपनी एसजी टेक इंजीनियरिंग प्राइवेट लिमिटेड (एसजी स्पेक्ट्रा) के साथ भी समझौता किया है। इसके माध्यम से देशभर में मॉड्यूलर आधार पर पांच एमटीपीए क्षमता की कलर कोटेड उत्पाद निर्माण इकाइयां स्थापित की जाएंगी, जिसमें पहले एक एमटीपीए क्षमता अगले 24 महीनों में विकसित करने का लक्ष्य है। यह मॉडल कम पूंजी निवेश के साथ उत्पादन क्षमता बढ़ाने पर आधारित होगा।

वर्तमान में एपीएल अपोलो के पास पांच एमटीपीए स्टील ट्यूब उत्पादन क्षमता है और टाटा स्टील के कारोबार के जुड़ने के बाद शुरुआती संयुक्त क्षमता लगभग 7.5 एमटीपीए होगी। आने वाले वर्षों में स्टील ट्यूब कारोबार में तीन एमटीपीए और कलर कोटेड उत्पादों में पांच एमटीपीए अतिरिक्त क्षमता विकसित करने की योजना है। वर्ष 2035 तक कुल क्षमता 15.5 एमटीपीए करने का लक्ष्य है, जिसमें करीब नौ एमटीपीए स्टील ट्यूब और 6.5 एमटीपीए कलर कोटेड उत्पाद शामिल होंगे। टाटा स्टील के सीईओ एवं प्रबंध निदेशक टीवी नरेंद्रन ने कहा कि यह समझौता भारतीय बाजार में डाउनस्ट्रीम कारोबार को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है। कंपनी के कार्यकारी निदेशक सह सीएफओ कौशिक चटर्जी ने कहा कि कंपनी वैल्यू एडेड उत्पादों के क्षेत्र में तेजी से विस्तार करना चाहती है।