सोने और चांदी के दामों में आई गिरावट से शामली के सर्राफा बाजार में रौनक लौट आई है। शादी के सीजन में गहनों की खरीदारी के लिए ग्राहक बाजार पहुंच रहे हैं। सर्राफा कारोबारी आशु गर्ग के अनुसार रविवार को चांदी 1550 रुपये प्रति 10 ग्राम, जबकि सोना 24 कैरेट 1.26 लाख रुपये, 22 कैरेट 1.16 लाख रुपये और 20 कैरेट 1.06 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम दर्ज किया गया।
पिछले एक साल से लगातार तेजी के नए रिकार्ड बना रहे सोने-चांदी के दामों में आई गिरावट ने आम ग्राहकों को राहत दी है। ऊंचे भाव के कारण लंबे समय से आभूषणों की खरीदारी टाल रहे लोग अब कीमतों में नरमी का फायदा उठाने के लिए बाजार पहुंचने लगे हैं। शादी का सीजन शुरू होते ही सर्राफा बाजार में रौनक बढ़ गई है और खासकर शादी वाले घरों में गहनों की खरीदारी को लेकर उत्साह देखा जा रहा है।
कारोबारियों के मुताबिक बाजार में सबसे ज्यादा मांग सोने के हार, चेन, अंगूठी, मंगलसूत्र और झुमको की है। इसके अलावा चांदी की पायल, बिछिया और अन्य आभूषणों की भी खरीदारी हो रही है। जिन परिवारों में आने वाले दिनों में शादियां हैं, वे अपने बजट के अनुसार गहने खरीदने में जुटे हैं। कारोबारियों का कहना है कि पहले ऊंचे भाव के चलते ग्राहक सीमित खरीदारी कर रहे थे, लेकिन कीमतों में गिरावट के बाद बाजार में ग्राहकों की आवाजाही बढ़ी है।
12 महीनों के आंकड़ों पर नजर डालें तो मार्च 2026 में सोना 24 कैरेट 1,64,871 रुपये प्रति 10 ग्राम और चांदी 2,74,031 रुपये प्रति किलो के उच्च स्तर पर पहुंच गई थी। इसके बाद दोनों धातुओं के भाव में उतार-चढ़ाव जारी रहा। अक्टूबर 2026 में सोना 1,37,381 रुपये और चांदी 1,98,521 रुपये तथा नवंबर के अंत में सोना 1,26,000 और चांदी 1,55,000 रुपये दर्ज की गई।
