विश्वविख्यात हरिहरक्षेत्र सोनपुर मेले में इस बार पहली बार 360 डिग्री डोम थिएटर लगाया गया है। गाय बाजार में भारतीय स्टेट बैंक की शाखा के बगल में स्थापित इस थिएटर में दर्शक वर्चुअल रियलिटी तकनीक के जरिए तीन-डी (3D) दुनिया का अनुभव कर सकेंगे। शो की अवधि महज 15 मिनट की है, लेकिन 360 डिग्री के दृश्य और 3D प्रस्तुति दर्शकों के लिए यादगार अनुभव साबित हो सकती है।

हाई क्वालिटी प्रोजेक्टर से सुसज्जित इस डोम थिएटर में चारों ओर फैले दृश्य दर्शकों को अलग ही दुनिया में होने का एहसास कराएंगे। सामान्य पर्दे पर फिल्म देखने के बजाय यहां दर्शकों को अपने चारों ओर दृश्य घटित होने जैसा अनुभव मिलेगा। यह शो बच्चों, युवाओं और परिवार के सभी सदस्यों के लिए मनोरंजन का नया विकल्प बन सकता है।

शो के प्रोपराइटर बिहारशरीफ निवासी समीर कुमार ने बताया कि यह अपने तरह का खास तकनीकी मनोरंजन शो है। उन्होंने दावा किया कि यह पूरे भारत में अपनी श्रेणी का दूसरा सबसे बड़ा रियलिटी शो है। सोनपुर मेले में इसे लाने का उद्देश्य लोगों को आधुनिक तकनीक से रूबरू कराने के साथ मनोरंजन का नया अनुभव उपलब्ध कराना है।

पारंपरिक मनोरंजन, सांस्कृतिक कार्यक्रमों और विभिन्न प्रदर्शनियों के लिए प्रसिद्ध सोनपुर मेले में 360 डिग्री डोम थिएटर के जुड़ने से आधुनिक तकनीक के प्रति लोगों का आकर्षण बढ़ने की उम्मीद है। मेला धीरे-धीरे अपनी रंगीनियों की ओर बढ़ रहा है और इस नए आकर्षण से मेले की रौनक और बढ़ने की संभावना है।