हवाई यात्रा में एयरलाइंस द्वारा सीटों से अधिक टिकट बेचने की प्रक्रिया 'ओवरबुकिंग' कहलाती है। इसका मुख्य उद्देश्य खाली सीटों से होने वाले नुकसान से बचना है। कई यात्री टिकट कैंसल कर देते हैं या 'नो-शो' हो जाते हैं, जिससे सीटें खाली रह जाती हैं। एयरलाइंस पुराने रूट के आंकड़ों के आधार पर अतिरिक्त टिकट बेचती हैं। उदाहरण के लिए, यदि किसी रूट पर औसतन पांच यात्री नहीं आते, तो एयरलाइन पहले से पांच फालतू टिकट बेच देती है।
हालांकि, यह गणित हमेशा सही नहीं बैठता। जब सभी यात्री पहुंच जाते हैं और सीटें कम पड़ जाती हैं, तो एयरलाइन को कुछ यात्रियों को 'बम्प' करना पड़ता है। ऐसे में एयरलाइन उन्हें अगली फ्लाइट का टिकट, रिफंड या एयर-ट्रैवल वाउचर देकर समझौता करती है।
ओवरबुकिंग का फायदा आखिरी समय में टिकट खरीदने वालों को मिल सकता है। उड़ान से ठीक पहले खाली बची सीटें एयरलाइंस डिस्काउंट पर बेच देती हैं, जिससे उन्हें कुछ कमाई हो जाती है।
बम्पिंग के मामले में एयरलाइंस सभी यात्रियों के साथ एक जैसा व्यवहार नहीं करतीं। इकोनॉमी और बिजनेस क्लास के यात्रियों पर इसका सबसे अधिक असर पड़ता है, जबकि फर्स्ट-क्लास यात्रियों को बम्प करने से एयरलाइंस बचती हैं क्योंकि उनसे सबसे ज्यादा कमाई होती है। कभी-कभार उड़ान भरने वाले या आखिरी मिनट पर चेक-इन करने पहुंचने वाले यात्रियों की सीट छिनने का खतरा सबसे अधिक होता है।
