रांची। झारखंड के गुमला में दो महिलाओं की हत्या के बाद उनके शव सिमडेगा जिले के बीरू जंगल में दफनाने का मामला सामने आया है। पुलिस के अनुसार दोनों महिलाओं के पति आरोपी हैं और आपस में सगे भाई हैं। पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। बुधवार शाम गुमला और सिमडेगा पुलिस की संयुक्त टीम ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में जंगल से दोनों शव बरामद किए।
मृतकों की पहचान गुमला के विंध्याचल नगर नदी टोली निवासी मिनी प्रिया (28) और राधिका कुमारी (20) के रूप में हुई है। मिनी प्रिया के पति शिव शंकर साहू और राधिका के पति नवीन साहू हैं। सिमडेगा के एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव ने बताया कि दोनों दंपतियों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। शनिवार को कुछ लोगों की मौजूदगी में दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया था, जिसके बाद दोनों भाई अपनी-अपनी पत्नियों के साथ घर लौट गए थे।
एसडीपीओ के अनुसार सोमवार सुबह करीब नौ बजे परिजनों की दोनों महिलाओं से फोन पर बातचीत हुई थी, इसके बाद उनसे संपर्क नहीं हो सका। मंगलवार को दोनों भाई अपने बच्चों के साथ गुमला थाना पहुंचे और पत्नियों के लापता होने की सूचना दी। पुलिस को उनकी गतिविधियों पर संदेह हुआ, जिसके बाद दोनों से पूछताछ की गई।
पुलिस के मुताबिक पूछताछ के दौरान शिवशंकर ने दोनों महिलाओं की हत्या और एंबुलेंस से जंगल ले जाकर शवों को दफनाने की बात बताई। पुलिस ने शिव शंकर की एंबुलेंस भी जब्त कर ली है। बुधवार को दोनों आरोपियों की निशानदेही पर सिमडेगा के बीरू जंगल में दफन शवों को बाहर निकाला गया। यह कार्रवाई मजिस्ट्रेट दीपक कुमार की मौजूदगी में हुई। दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए सिमडेगा सदर अस्पताल भेज दिया गया है और पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
