भागलपुर में विक्रमशिला सेतु के पुनर्स्थापन कार्य में स्लैब ढलाई की तैयारी तेज हो गई है। निर्माण कार्य से जुड़े कर्मियों के अनुसार, तीन मई की रात गंगा में गिरे स्लैब वाले हिस्से में सबसे पहले ढलाई की जाएगी। इसके लिए शटरिंग का काम किया जा रहा है। इस हिस्से में ढलाई के बाद अन्य तीन क्षतिग्रस्त हिस्सों में भी एक-एक कर स्लैब ढाले जाएंगे। अगले माह से ढलाई शुरू होने की उम्मीद है।

कर्मियों के अनुसार, शटरिंग से लेकर ढलाई तक की प्रक्रिया में 20 से 22 दिन लग सकते हैं और इसे 20 से 22 दिसंबर तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। एक हिस्से में स्लैब ढालने में पांच से छह दिन लगेंगे। ढलाई के बाद 21 दिन तक शटरिंग नहीं खोली जाएगी, ताकि स्लैब को मजबूती मिल सके।

सेतु को मजबूती देने के लिए क्षतिग्रस्त हिस्सों के अंदरूनी भाग में केमिकल भरने का काम पूरा हो चुका है, जबकि ऊपरी हिस्सों में यह काम जारी है। इसे 14 जनवरी तक पूरा करने की उम्मीद है। विक्रमशिला सेतु का पुनर्स्थापन कार्य एक अक्टूबर को शुरू हुआ था और एक दिसंबर को काम शुरू हुए दो माह पूरे हो जाएंगे। अब तक करीब 40 से 45 प्रतिशत काम पूरा होने का अनुमान है, जबकि शेष 50 से 55 प्रतिशत काम करीब 50 दिनों में पूरा करना बड़ी चुनौती होगी।

पुनर्स्थापन कार्य पूरा करने का लक्ष्य 14 जनवरी निर्धारित है। बिहार राज्य पुल निर्माण निगम के एमडी का कहना है कि सभी काम वर्क प्लान के अनुसार चल रहे हैं। क्षतिग्रस्त सभी हिस्सों में स्टील गर्डर लांच किए जा चुके हैं और स्लैब ढलाई की प्रक्रिया शुरू करने की तैयारी है। 14 जनवरी तक काम पूरा करने के लिए प्रयास जारी हैं।