हाजीपुर के हरिहरक्षेत्र मेले में कार्तिक पूर्णिमा के मौके पर पूरी रात भूतखेली का तमाशा चलता रहा। बुरी आत्माओं को भगाने के नाम पर कथित रूप से पीड़ित महिलाओं और पुरुषों को छड़ी से पीटा गया। यह सब प्रशासन की मौजूदगी में कोनहारा घाट पर होता रहा।
कार्तिक पूर्णिमा पर हाजीपुर के हरिहरक्षेत्र में सदियों से भूतखेली का यह तमाशा होता आ रहा है। इसमें भगत, जो पुरुष और महिला दोनों होते हैं, हाथ में छड़ी लेकर उटपटांग शब्द बोलते हुए कथित रूप से पीड़ित स्त्री या पुरुष पर सवार भूत उतारते हैं। इस दौरान कथित पीड़ितों को शारीरिक पीड़ा भी पहुंचाई जाती है। ग्रामीण इलाकों से आए लोग इसमें शामिल होते हैं और तमाशबीन भी जुटते हैं।
इस तमाशे में शामिल लोग इसे न अंधविश्वास मानते हैं और न खेल, बल्कि बुरी आत्माओं के साये से छुटकारा दिलाने का उपाय बताते हैं। कोनहारा घाट पर पहुंचने वाली कथित रूप से भूतों से ग्रस्त महिलाएं निम्न या निम्न मध्यम आय वर्ग के परिवारों से आती हैं, जहां शिक्षा का अभाव है। किसी शारीरिक या मानसिक बीमारी को अंधविश्वास के कारण भूतों का असर मान लिया जाता है।
समाज के बुद्धिजीवियों का कहना है कि यह पूरी तरह अंधविश्वास है। किशोरावस्था में हार्मोनल बदलाव से होने वाली समस्याओं को भी इससे जोड़ा जाता है। सवाल यह है कि इतनी भीड़ और प्रशासन की मौजूदगी में यह सब पूरी रात बिना रोक-टोक कैसे चलता रहा। प्रशासन और बुद्धिजीवी इसे रोकने में विफल रहे हैं।
