हांसी में 29 नवंबर से 2 दिसंबर तक छह राज्यों के दिव्यांग क्रिकेटरों के बीच राष्ट्रीय स्तर की टी-20 चैंपियनशिप आयोजित होगी। डिफरेंटली एबल्ड क्रिकेट स्पोर्ट्स एसोसिएशन आफ हरियाणा इस प्रतियोगिता का आयोजन विश्व दिव्यांग दिवस के उपलक्ष्य में कर रही है। भिवानी में आयोजित एक बैठक के दौरान प्रतियोगिता की ट्रॉफी का अनावरण किया गया।
एसोसिएशन के चीफ पैटर्न एवं बवानीखेड़ा के विधायक कपूर वाल्मीकि ने ट्रॉफी का अनावरण किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि दिव्यांग क्रिकेटरों का खेल उनकी मेहनत और क्षमता को दर्शाता है और ये खिलाड़ी अपने प्रदर्शन से देश-दुनिया में पहचान बना रहे हैं। उनके अनुसार, बेहतर सुविधाएं और नियमित अवसर मिलने पर ये खिलाड़ी और आगे बढ़ सकते हैं।
एसोसिएशन के प्रदेश अध्यक्ष एसएस मान, संरक्षक गोवर्धन आचार्य और राजकुमार सुनसुना ने बताया कि चार दिवसीय आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। इसका उद्देश्य खिलाड़ियों को राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के साथ उनके लिए सुविधाएं और आर्थिक सहयोग जुटाने के प्रयासों को आगे बढ़ाना है। पदाधिकारियों ने बताया कि दिव्यांग क्रिकेटरों को उचित सुविधाएं दिलाने और आर्थिक रूप से मजबूत बनाने के लिए बीसीसीआई तथा सरकार को कई बार पत्र लिखे गए हैं। दिव्यांग क्रिकेट से जुड़ी एसोसिएशनों को सशक्त करने पर भी काम किया जा रहा है और भविष्य में बड़े आयोजन करवाकर खिलाड़ियों को अधिक मुकाबले खेलने का अवसर देने की योजना है।
विधायक कपूर वाल्मीकि ने कहा कि उत्कृष्ट खिलाड़ियों को खेल नीति के तहत प्रोत्साहन मिल रहा है। दिव्यांग क्रिकेटरों की समस्याओं और मांगों को सरकार के सामने रखा जाएगा, ताकि उन्हें आगे बढ़ने के लिए जरूरी सहयोग मिल सके।
