न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन के बेसिन रिजर्व मैदान पर खेला गया पहला टेस्ट मैच सोमवार को ड्रॉ हो गया। पांचवें दिन भारतीय टीम जीत की दावेदार मानी जा रही थी, लेकिन डेरिल मिचेल और ग्लेन फिलिप्स की साझेदारी ने मेजबान टीम को हार से बचा लिया। न्यूजीलैंड ने अपनी दूसरी पारी में पांच विकेट खोकर 239 रन बनाए थे। मिचेल 186 गेंदों पर चार चौकों और एक छक्के की मदद से नाबाद 49 रन पर और फिलिप्स 126 गेंदों पर दो चौकों के साथ नाबाद 26 रन पर रहे।
मैच के बाद भारतीय कप्तान शुभमन गिल ने कहा कि टीम ने अच्छा खेल दिखाया, लेकिन पिच से गेंदबाजों को मदद नहीं मिली और इसी वजह से जीत का मौका हाथ से निकल गया। गिल ने कहा, "हमें पता था कि इस पिच पर 10 विकेट लेना चुनौती होगा। मुझे लगता है कि घर से बाहर हमारा खेल अच्छा रहा है। हमने हर क्षेत्र में उनको चुनौती दी।" उन्होंने उम्मीद जताई कि क्राइस्टचर्च में गेंदबाजों को विकेट से मदद मिलेगी।
गिल ने यह भी बताया कि उन्होंने समय से पहले मैच खत्म करने के न्यूजीलैंड के प्रस्ताव को क्यों कबूल किया। उनके मुताबिक, अगर यहां पिच में गेंदबाजों के लिए मदद होती तो टीम खेलना जारी रखती, लेकिन 5-10 ओवरों से कुछ होने वाला नहीं था।
इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहली पारी में 368 रन बनाए थे। भारत ने नौ विकेट खोकर 720 रन पर पारी घोषित करते हुए 352 रनों की बढ़त ली थी। भारत की ओर से केएल राहुल ने 290 गेंदों पर नौ चौके और दो छक्कों की मदद से 136 रन बनाए, जबकि ऋषभ पंत ने 153 गेंदों पर 10 चौके और छह छक्कों के साथ 128 रन की पारी खेली।
