भारतीय टेस्ट टीम के कप्तान शुभमन गिल ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वेलिंग्टन में खेले गए पहले टेस्ट में मोहम्मद सिराज और रवींद्र जडेजा को प्लेइंग-11 से बाहर रखने के फैसले पर सफाई दी है। मैच ड्रॉ होने के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में गिल ने कहा कि दोनों को मैच से पहले इस फैसले की वजह बता दी गई थी और दोनों ने स्थिति को समझा था। टीम मैनेजमेंट के इस फैसले की जमकर आलोचना हुई थी।
गिल ने कहा कि सिराज उनके करीबी दोस्त हैं और उन्हें टीम से बाहर करना उनके लिए काफी मुश्किल फैसला था। यही बात जडेजा पर भी लागू होती है। उन्होंने बताया कि उन्होंने टेस्ट से पहले दोनों से बात की थी और फैसले के पीछे की वजह बताई थी। गिल के मुताबिक, हर खिलाड़ी ऐसे दौर से गुजरता है जब वह अपनी बेस्ट फॉर्म में नहीं होता और टीम मौजूदा फॉर्म को देखकर चुनी गई थी। उन्होंने यह भी कहा कि उन्हें नहीं लगता कि जडेजा और सिराज के टीम में होने से कोई ज्यादा अंतर पड़ता।
इस मैच में न्यूजीलैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 368 रन बनाए थे। जवाब में भारत ने पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 720 रनों पर घोषित कर मेजबान टीम पर 352 रनों की बढ़त ले ली थी। आखिरी दिन न्यूजीलैंड इस स्कोर को पार नहीं कर पाई और भारत भी उसे ऑल आउट नहीं कर पाया, जिसके चलते मैच ड्रॉ पर समाप्त हो गया। आखिरी दिन भारत को न्यूजीलैंड के आठ विकेट गिराने थे, जिसमें वह असफल रहा और डेरिल मिचेल-ग्लेन फिलिप्स की जोड़ी ने विकेट पर पैर जमाते हुए मैच ड्रॉ करा दिया।
