भोपाल में रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने नाथू बरखेड़ा अंतर्राष्ट्रीय खेल परिसर के पहले चरण का लोकार्पण किया। यह परिसर 134 एकड़ में फैला है और इसकी लागत करीब 1000 करोड़ रुपये है। कार्यक्रम में भारत, चीन, साउथ कोरिया, जापान, मलेशिया और थाईलैंड की टीमों ने मार्च पास्ट किया। सिंगर सुखविंदर का भी अभिनंदन किया गया।

समारोह की खास बात यह रही कि मुख्यमंत्री ने जनता को भी लोकार्पण में शामिल किया। उन्होंने एशियन गेम्स, पैरा एशियन गेम्स और कॉमनवेल्थ गेम्स में मध्य प्रदेश और देश का गौरव बढ़ाने वाले खिलाड़ियों को राज्य सरकार की ओर से 9 करोड़ 23 लाख रुपये की राशि चेक के माध्यम से प्रोत्साहन स्वरूप प्रदान की। सीएम ने युवाओं और खिलाड़ियों से मोबाइल की टॉर्च जलाकर परिसर का लोकार्पण करने को कहा और खुद भी टॉर्च जलाई। उन्होंने कहा कि खेल के इतिहास में भोपाल का आज का दिन स्वर्णिम दिवस है और टॉर्च की रोशनी उल्लास-उमंग-उत्साह का उद्घोष करेगी।

केंद्रीय मंत्री दुर्गादास उइके ने कहा कि भोपाल में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनना सौभाग्य की बात है। भारत विश्व का सबसे युवा राष्ट्र है और मध्य प्रदेश में 28 फीसदी युवा रहते हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत खेलों सहित हर क्षेत्र में प्रगति कर रहा है और मध्य प्रदेश स्वर्णिम राज्य बनने की ओर अग्रसर है।

खेल, युवा एवं कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग ने कहा कि भोपाल को खेल परिसर के रूप में बड़ी सौगात मिली है। उन्होंने कहा कि प्रदेश खेलों में कभी 17वें नंबर पर था, पर आज तीसरे नंबर पर है और अगले दो साल में देश के सबसे बेहतर स्पोर्ट्स इंफ्रास्ट्रक्चर वाला राज्य होगा। हर विधानसभा में स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स बनाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि भोपाल में क्रिकेट स्टेडियम का सेंक्शन हो चुका है और एशियन चैंपियनशिप भी आयोजित की जाएगी। प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि भविष्य में खिलाड़ी भोपाल से निकलेंगे और देश का नाम रोशन करेंगे।