कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को लोकप्रिय वीडियो गेम GTA 6 खेलते हुए केंद्र सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने ग्रैंड थेफ्ट ऑटो यानी GTA 6 की तुलना नोटबंदी से करते हुए कहा कि नोटबंदी भी बिना ऑटो वाली एक बड़ी चोरी थी। थरूर ने कहा कि GTA 6 का नया वर्जन आने में 13 साल लग गए और इस दौरान भारत में अभिव्यक्ति की आजादी में कमी देखी गई है। उन्होंने कहा कि ज्यादा लोग इस बात को लेकर चिंतित हैं कि कहीं सरकार को उनकी बातें पसंद न आएं।

थरूर ने बताया कि उन्होंने पहले कभी वीडियो गेम नहीं खेला था। GTA 6 खेलते हुए उन्हें किरदार को नियंत्रित करने और गाड़ी चलाने में परेशानी हुई। उन्होंने मजाकिया अंदाज में कहा कि वह गेम में सिर्फ जिंदा रहने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि उनके बच्चे ‘डंजन्स एंड ड्रैगन्स’ जैसे बोर्ड गेम खेलते थे और परिवार किताबें पढ़ने में ज्यादा समय बिताता है। बच्चों के लिए प्लेस्टेशन-1 खरीदा था, लेकिन बाद के आधुनिक गेमिंग डिवाइस उनके बच्चों के जीवन का हिस्सा नहीं रहे। थरूर ने सवाल उठाया कि क्या भारतीय परिवेश पर आधारित गेम विदेशों में भी लोकप्रिय हो सकते हैं।

GTA यानी ‘ग्रैंड थेफ्ट ऑटो’ दुनिया की सबसे मशहूर और सबसे ज्यादा बिकने वाली वीडियो गेम सीरीज है, जिसे अमेरिकी कंपनी रॉकस्टार गेम्स ने 1996-97 में तैयार किया था। यह एक ‘ओपन-वर्ल्ड एक्शन-एडवेंचर’ गेम है, जिसमें खिलाड़ी को एक पूरा काल्पनिक शहर दिया जाता है। पहला GTA गेम नवंबर 1997 में लॉन्च हुआ था और 2013 में GTA 5 आया था। 13 साल बाद रॉकस्टार गेम्स ने GTA 6 लॉन्च किया। दिसंबर 2023 में जब GTA 6 का पहला ट्रेलर लॉन्च हुआ, तब 24 घंटे के भीतर यूट्यूब पर इसके 9 करोड़ से ज्यादा व्यूज हो गए और इसने सबसे ज्यादा देखे जाने वाले नॉन-म्यूजिक वीडियो का गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाया।

रॉकस्टार गेम्स ने GTA 6 का ऑफिशियल बजट जारी नहीं किया है। हालांकि गेमिंग एक्सपर्ट्स और मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसे बनाने में करीब 1 से 1.5 अरब डॉलर खर्च होने का अनुमान है। कंपनी ने भारत में GTA 6 के स्टैंडर्ड एडिशन की कीमत 5,999 रुपए और अल्टीमेट एडिशन की कीमत 7,499 रुपए रखी है। यह कीमत PlayStation 5 और Xbox Series X|S दोनों प्लेटफॉर्म के लिए है। यह गेम पुराने PS4 या लैपटॉप-पीसी पर नहीं चलेगा।