कांग्रेस सांसद शशि थरूर ने रविवार को मोदी सरकार के नोटबंदी के फैसले पर तंज कसा। उन्होंने वीडियो गेम 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो 6' (GTA 6) खेलते हुए इसकी तुलना नोटबंदी से की और इसे 'बिना ऑटो वाली एक बड़ी चोरी' करार दिया। एक वीडियो में थरूर गेम खेलते हुए और इसके नाम पर मजाक करते नजर आए।

वीडियो में उन्होंने कहा कि अंग्रेजी में 'ग्रैंड थेफ्ट ऑटो' का कोई मतलब नहीं बनता। 'ग्रैंड थेफ्ट' यानी बड़ी चोरी ठीक है, लेकिन 'ऑटो' का क्या मतलब है। उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने पहले कभी वीडियो गेम नहीं खेला है और वह बस जिंदा रहने की कोशिश कर रहे हैं।

थरूर ने गेम के पिछले और मौजूदा वर्जन के बीच के 13 साल के अंतर की तुलना इस दौरान भारत में हुए बदलावों से की। उन्होंने कहा कि इन 13 सालों में कई मायनों में अभिव्यक्ति की आजादी कम हुई है और लोग ऐसी बात कहने से डरते हैं जिस पर सरकार को आपत्ति हो सकती है।

नोटबंदी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि देश ने अपने 1000 और 500 रुपये के नोटों को बेकार होते देखा है। उनके मुताबिक, इन 13 सालों में देश में कई बड़ी और चौंकाने वाली घटनाएं देखी गई हैं।