पटना के जेपी गंगा पथ (मरीन ड्राइव) पर सोमवार से तीन दिवसीय राज्य स्तरीय विद्यालय साइक्लिंग प्रतियोगिता शुरू हो रही है। खेल विभाग, बिहार एवं बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के संयुक्त तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना की ओर से वार्षिक खेल कार्यक्रम 2026-27 के तहत इस प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। प्रतियोगिता में अंडर-14, अंडर-17 एवं अंडर-19 आयु वर्ग के बालक-बालिका खिलाड़ी विभिन्न स्पर्धाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
जिला खेल पदाधिकारी जयनारायण कुमार ने बताया कि प्रतियोगिता सुबह छह बजे से जेपी गंगा पथ स्थित एलसीटी घाट से दीघा गोलंबर तक आयोजित की जाएगी। इसमें राज्य के सभी नौ प्रमंडलों से चयनित करीब 200 खिलाड़ी हिस्सा लेंगे। उन्होंने बताया कि भाग लेने वाले सभी खिलाड़ियों का रविवार को पाटलिपुत्र खेल परिसर में पंजीकरण कराने के साथ आवश्यक जांच की गई और प्रतियोगिता के सफल आयोजन को लेकर सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
आयोजन स्थल पर यातायात व्यवस्था सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस अधीक्षक, यातायात की ओर से संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं। प्रतियोगिता के दौरान किसी खिलाड़ी के चोटिल होने की स्थिति में तत्काल प्राथमिक उपचार एवं चिकित्सीय सहायता उपलब्ध कराने के लिए सिविल सर्जन के स्तर से चिकित्सकों की टीम और एंबुलेंस की व्यवस्था की गई है।
जिला खेल पदाधिकारी ने बताया कि जेपी गंगा पथ पर तकनीकी पदाधिकारियों की देखरेख में रूट प्लान तैयार कर कोर्स की मार्किंग की गई है। प्रतियोगिता के निष्पक्ष एवं सुचारू संचालन के लिए बिहार राज्य खेल प्राधिकरण की ओर से 10 दक्ष तकनीकी पदाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गई है। खिलाड़ियों के प्रदर्शन के आधार पर बिहार की राज्य टीम का गठन किया जाएगा, जो आगामी राष्ट्रीय विद्यालय बालक एवं बालिका साइक्लिंग प्रतियोगिता में राज्य का प्रतिनिधित्व करेगी।
