पश्चिम दिल्ली के राजौरी गार्डन थाना क्षेत्र के सुभाष नगर में पुलिस ने क्रिकेट मैच पर सट्टा लगाने वाले गिरोह का भंडाफोड़ कर दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपी एक आवासीय मकान की पहली मंजिल से ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेले जा रहे क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवा रहे थे। पुलिस ने मौके से आठ मोबाइल फोन, एक एचपी लैपटॉप और नकदी गिनने की मशीन बरामद की है। लैपटॉप में सट्टेबाजी से जुड़ा डेटा मिला है।

पुलिस उपायुक्त हरेश्वर वी स्वामी के अनुसार, 21 नवंबर को सुभाष नगर पुलिस चौकी में तैनात हेड कांस्टेबल राहुल को सूचना मिली थी कि सुभाष नगर के मकान नंबर 10/67 और 68 की पहली मंजिल पर क्रिकेट मैच पर सट्टा खिलाया जा रहा है। सूचना के आधार पर चौकी प्रभारी एसआई अनुज मोर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मकान पर छापा मारा, जहां दो व्यक्ति क्रिकेट मैच पर सट्टा लगवाते मिले।

जांच में पता चला कि दोनों आरोपी सट्टा लगाने वालों से मोबाइल फोन पर संपर्क कर रहे थे। वे सट्टे के भाव बता रहे थे और लैपटॉप में बेटिंग असिस्टेंट आई-बुक एप्लीकेशन के जरिये सट्टे का हिसाब दर्ज कर रहे थे। पुलिस ने मौके से साक्ष्य जुटाने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान सुभाष नगर निवासी सुखविंदर सिंह और पहाड़गंज निवासी सुनील सचदेवा के रूप में हुई है। राजौरी गार्डन थाने में दिल्ली पब्लिक गैंबलिंग एक्ट की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।