राज्यसभा के उपसभापति हरिवंश ने बलिया जिले के अपने पैतृक गांव जयप्रकाशनगर के दलजीत टोला में दो दिवसीय प्रवास के दौरान ग्रामीणों से मुलाकात की और बुनियादी सुविधाओं का हाल जाना। गांव की बदहाल सड़कें, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र की अव्यवस्था, ग्राम सचिवालय की दुर्दशा और परिषदीय विद्यालयों की समस्याएं सामने आने पर उन्होंने अधिकारियों की कार्यशैली पर कड़ी नाराजगी जताई।
पत्रकारों से बातचीत में हरिवंश ने कहा कि अधिकारियों को स्थायी राजा बनकर काम नहीं करना चाहिए, बल्कि जनता की समस्याओं के प्रति संवेदनशील और जवाबदेह रहना चाहिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ लोगों तक पहुंच रहा है या नहीं, इसकी निगरानी स्थानीय जनप्रतिनिधियों की भी जिम्मेदारी है। उन्होंने गांव की समस्याओं से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को अवगत कराने की बात कही, ताकि संबंधित विभागों की जवाबदेही तय हो सके।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने जयप्रकाशनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र को 100 बेड के अस्पताल की मान्यता दी है, लेकिन विभागीय उदासीनता के चलते व्यवस्था में अपेक्षित सुधार नहीं हुआ है। अस्पताल में तीन चिकित्सकों की तैनाती बताई जाती है, जबकि नियमित रूप से केवल एक चिकित्सक ही उपलब्ध रहते हैं। उन्होंने इसे चिंताजनक बताया।
हरिवंश ने बताया कि वर्ष 2023 में ग्राम सचिवालय के निर्माण के लिए उन्होंने करीब 19 लाख रुपये मूल्य की नौ कट्ठा निजी भूमि दान की थी, लेकिन सचिवालय में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध नहीं हैं। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुसार ग्राम सचिवालय में ग्रामीणों को 23 प्रकार के कार्यों की सुविधा मिलनी चाहिए। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने कहा कि दलजीत टोला में सभी विभागों के अधिकारियों को लेकर चौपाल लगाई जाएगी और व्यवस्था में सुधार किया जाएगा।
