मुजफ्फरपुर जिले के काजी मोहम्मदपुर थाना क्षेत्र स्थित चक्कर चौक के पास शनिवार को अचेत अवस्था में मिली 26 वर्षीय युवती की रविवार को इलाज के दौरान एसकेएमसीएच में मौत हो गई। मृतका की पहचान उत्तर प्रदेश के संत कबीरनगर जिले के दुधारा थाना क्षेत्र अंतर्गत लोहरौली बाजार निवासी मुन्नी कुमारी के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, रेलवे स्टेशन की विपरीत दिशा में बटलर की ओर युवती के अचेत पड़े होने की सूचना मिली थी। इसके बाद उसे सदर अस्पताल और फिर गंभीर हालत में एसकेएमसीएच रेफर किया गया, जहां उसने दम तोड़ दिया।

स्थानीय लोगों के अनुसार, मामला प्रेम प्रसंग में विवाद से जुड़ा है। लोगों के मुताबिक मुन्नी ने बताया था कि वह गोरखपुर की एक निजी कंपनी में काम करती थी, जहां मुजफ्फरपुर का एक युवक भी कार्यरत था। दोनों के बीच जान-पहचान के बाद प्रेम संबंध बन गए। इसके बाद वह अपने प्रेमी के घर पहुंची थी, लेकिन युवक और उसके परिजनों ने उसे रखने से इनकार करते हुए जहर खाकर मर जाने तक की बात कही। इसके बाद उसने जहर खा लिया।

मौत की सूचना पर मुजफ्फरपुर पहुंची मृतका की मां सुभावती देवी ने बताया कि पुलिस से फोन पर जानकारी मिलने के बाद उन्हें घटना का पता चला। उन्होंने किसी पर कोई संदेह या आरोप नहीं लगाया है। उनके अनुसार, मुन्नी दो दिन पहले घर से यह कहकर निकली थी कि उसके कमरे में चोरी हो गई है और वह काम वाली जगह जा रही है, लेकिन वह मुजफ्फरपुर कैसे पहुंची, इसकी उन्हें जानकारी नहीं है।

एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार ने बताया कि प्रथमदृष्टया मामला जहर खाने का प्रतीत हो रहा है। परिजनों के आने के बाद शव का पोस्टमार्टम कराया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। युवती मुजफ्फरपुर कैसे पहुंची और किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई, इसकी जांच की जा रही है। उल्लेखनीय है कि चक्कर चौक बटलर रोड में जिस जगह यह युवती अचेत अवस्था में मिली, उसी जगह से कुछ दिन पहले बक्सर की रहने वाली बेला पॉलिटेक्निक की फाइनल ईयर की छात्रा भी संदिग्ध स्थिति में अचेत मिली थी। उस मामले में भी पुलिस यही जांच कर रही है कि वह बेला से बटलर कैसे पहुंची।