बिहटा थाना क्षेत्र के सिमरी गांव में 10 नवंबर की देर रात एक युवक की गोली मारकर हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य शूटर को हिरासत में ले लिया है। दानापुर डीएसपी टू अमरेंद्र कुमार ने बताया कि मृतक की पत्नी नेहा परवीन उर्फ फौजिया फिरदोश का गांव के ही करण कुमार से प्रेम प्रसंग चल रहा था, जिसका पति विरोध करता था। आरोप है कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर पति को रास्ते से हटाने की योजना बनाई और जीविका दीदी से लोन लेकर करण को रुपये दिए, जिसने 40 हजार रुपये में एक शूटर हायर किया।

पुलिस के अनुसार, घटना के 36 घंटे के भीतर मृतक की पत्नी, उसके प्रेमी सह पड़ोसी करण चौधरी और एक अन्य आरोपित को हिरासत में लिया गया था। रविवार को अनुसंधान के दौरान मुख्य शूटर को भी हिरासत में लिया गया, जो नाबालिग है और उसने अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। हालांकि, कांड में प्रयुक्त हथियार अभी पुलिस बरामद नहीं कर सकी है।

बताते चलें कि 10 नवंबर की देर रात बाइक सवार बदमाशों ने सिमरी गांव के एक घर में घुसकर 32 वर्षीय इरफान इमाम उर्फ कल्लू ड्राइवर को गोली मारकर हत्या कर दी थी और मृतक का मोबाइल लेकर फरार हो गए थे। घटना के बाद डीएसपी अमरेंद्र कुमार झा के नेतृत्व में स्पेशल टीम गठित की गई थी। पुलिस के अनुसार, हत्या किसी दुश्मनी में नहीं, बल्कि पत्नी ने प्रेमी के साथ मिलकर सुपारी किलर से कराई थी।