फरीदाबाद के अल्लीपुर शिकारगाह के आरक्षित वन क्षेत्र में अवैध पेड़ कटाई के मामले में पुलिस ने कार्रवाई शुरू कर दी है। वन विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ भूपानी थाने में मुकदमा दर्ज किया गया है, जबकि कटाई के काम से जुड़े ठेकेदार खुर्शीद को गिरफ्तार कर लिया गया है। इससे पहले मामले में तत्कालीन जिला वन्य अधिकारी (डीएफओ) झलकर उयाके समेत चार अधिकारियों और कर्मचारियों को निलंबित किया गया था। अब पुलिस आरोपितों की भूमिका और लकड़ी के अवैध कारोबार से जुड़े नेटवर्क की जांच करेगी।
अल्लीपुर शिकारगाह गांव के पास यमुना किनारे स्थित आरक्षित वन क्षेत्र में केंद्र सरकार की कैंपा योजना के तहत पौधारोपण के लिए जमीन तैयार की जानी थी। नियमानुसार यहां केवल झाड़ियों और छोटी वनस्पतियों की छंटाई होनी थी। आरोप है कि इसकी आड़ में विलायती कीकर, शीशम और नीम सहित अन्य प्रजातियों के बड़े पेड़ काट दिए गए। प्रारंभिक गिनती में करीब 2400 पेड़ों की कटाई सामने आई है।
जांच में सामने आया कि काटी गई लकड़ी को ट्रकों में भरकर नूंह जिले की पुन्हाना मंडी तक पहुंचाया गया, जहां वन विभाग की टीमों ने कार्रवाई कर लकड़ी बरामद की। 15 नवंबर तक करीब 2724 क्विंटल लकड़ी बरामद होने की जानकारी सामने आई थी। चार आरा मशीनों को सील करने और लकड़ी से लदे वाहनों को कब्जे में लेने की कार्रवाई भी की गई।
मामले में पहले रेंज अधिकारी अफजल खान और फारेस्टर अंकित व संदीप को निलंबित किया गया था, इसके बाद डीएफओ झलकर उयाके को भी निलंबित किया गया। अब एफआइआर और ठेकेदार की गिरफ्तारी के बाद जांच का दायरा बढ़ गया है। पुलिस यह पता लगाने में जुटेगी कि पेड़ कटवाने का आदेश किसने दिया, लकड़ी कहां-कहां बेची गई और इस पूरे मामले में किन लोगों की भूमिका रही।
