मेरठ में एक स्वास्थ्य कार्यक्रम में वरिष्ठ बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. अमित उपाध्याय ने कहा कि जन्म के बाद अस्पताल से छुट्टी से पहले नवजात की कुछ जांचें बेहद उपयोगी होती हैं। उन्होंने बताया कि थायराइड की जांच जन्म के 48 से 72 घंटे के बीच करा लेनी चाहिए। समय पर पता लगने और इलाज से बच्चे के मस्तिष्क और शारीरिक विकास को नुकसान से बचाया जा सकता है। ब्लड ग्रुप की अलग जांच हर बच्चे के लिए जरूरी नहीं है, लेकिन यदि मां आरएच निगेटिव या ओ ब्लड ग्रुप की हो तो बच्चे के ब्लड की जांच करानी चाहिए, जिससे पीलिया के जोखिम से बचा जा सके। इसके साथ ही सुनने की क्षमता की जांच (ओएई) और हृदय की जांच (एसपीओ-2) भी जरूरी है, क्योंकि कई बार बच्चों के दिल में छेद होते हैं जो उम्र के साथ बड़ी समस्या बन जाते हैं।
कार्यक्रम में डॉ. उपाध्याय ने फोन पर लोगों के सवालों के जवाब दिए। उन्होंने नवजात को पीलिया और संक्रमण से बचाने के लिए उचित देखभाल पर जोर दिया और कंगारू मदर केयर तथा टीकाकरण को बच्चों के स्वास्थ्य में सहायक बताया। एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि नवजात की नाभि पर घी या हल्दी न लगाएं, इससे संक्रमण हो सकता है; इसे सूखा और साफ रखें और सूजन या बदबू आने पर तुरंत डॉक्टर को दिखाएं। उन्होंने यह भी कहा कि बच्चे को करवट या पेट के बल तकिया लगाकर सुलाना असुरक्षित है, दम घुटने का खतरा रहता है; बच्चे को हमेशा समतल, सख्त गद्दे पर बिना तकिए के पीठ के बल सुलाएं।
कंगारू मदर केयर के बारे में उन्होंने बताया कि समय से पूर्व जन्मे और कम वजन वाले बच्चों के इलाज में स्किन टू स्किन संपर्क का अहम रोल है। मां की छाती पर बच्चे को लिटाने से तापमान संतुलित रखने में मदद मिलती है और निमोनिया, डायरिया, हाइपोथर्मिया व हाइपोग्लाइसीमिया का जोखिम कम हो जाता है।
नवजात मृत्यु दर पर उन्होंने कहा कि प्रति हजार जन्मों पर राष्ट्रीय औसत करीब 18 है, जबकि उत्तर प्रदेश में यह 22 से 24 के बीच है। पिछले 20 सालों में मृत्युदर 40 प्रतिशत कम हुई है और 2030 तक राष्ट्रीय औसत 12 तक लाने का लक्ष्य है। उन्होंने कहा कि बड़े राज्य होने के कारण सभी जगह एनआईसीयू जैसी सुविधाएं विकसित नहीं हो सकी हैं। मृत्युदर कम करने के लिए संस्थागत प्रसव 100 प्रतिशत करने, हाई रिस्क गर्भवती महिलाओं का प्रसव एनआईसीयू वाले संस्थान में कराने और एंबुलेंस में न्यू बोर्न के अनुसार सुविधाएं देने की जरूरत है। टीकाकरण की स्थिति को बेहतर बताते हुए उन्होंने कहा कि इंद्रधनुष और आशा कार्यकर्ताओं की पहल से टीकाकरण का ग्राफ बढ़ा है। सरकारी अस्पताल के सभी टीके लगवाने के अलावा वायरल संक्रमण से बचाव के लिए फ्लू की वैक्सीन और आरएसवी से बचाने का टीका भी लगवाना चाहिए।
