हरियाणा में सर्दी का असर बढ़ने लगा है। मौसम विभाग ने 26 नवंबर से प्रदेश के पांच जिलों — पंचकूला, अंबाला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र और करनाल — में कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया है। रात के तापमान में गिरावट दर्ज की जा रही है और सुबह के समय हल्का स्माग छाने लगा है, जिससे इन जिलों में दृश्यता प्रभावित हो सकती है। ऐसे में सुबह के समय वाहन चालकों को सतर्क रहने की जरूरत है।
भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार 28 नवंबर तक प्रदेश में मौसम आमतौर पर खुश्क रहने की संभावना है, लेकिन 26 और 27 नवंबर को कोहरे का यलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तर और उत्तर-पश्चिम दिशा से हल्की से मध्यम गति से हवाएं चलने की संभावना है। इन हवाओं के असर से रात के तापमान में हल्की गिरावट आ सकती है, जबकि दिन के तापमान में मामूली बढ़ोतरी के आसार हैं। महेंद्रगढ़ में रात का तापमान गिरकर 7.7 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया है।
प्रदेश के कई शहरों में वायु गुणवत्ता भी खराब बनी हुई है। हिसार समेत कई शहरों का एक्यूआई 200 से अधिक दर्ज किया गया है। स्माग के कारण हवा में मौजूद प्रदूषक कणों का असर स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। बच्चों, बुजुर्गों और सांस संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
