भाजपा सांसद हेमा मालिनी ने शुक्रवार को नागपुर में पत्रकारों से बात करते हुए लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाया कि वे देश को हमेशा नीचा दिखाने की कोशिश करते हैं। मालिनी ने कहा कि राहुल गांधी लगातार यही कहते हैं कि देश खराब स्थिति में है, जबकि देश इस समय बढ़िया स्थिति में है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी मोदी सरकार को नीचा दिखाने में लगे रहते हैं और उसी तरह की बातें करते हैं।
यह बयान ऐसे समय आया है जब अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप, चीन के राष्ट्रपति शी चिनफिंग और रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की गुरुवार को हुई बैठक की तस्वीर साझा करते हुए राहुल गांधी ने एक्स पर लिखा था कि अगर कांग्रेस सत्ता में होती तो भारत के प्रधानमंत्री इस मेज पर बैठे होते। उन्होंने कहा था कि समझौता कर चुके प्रधानमंत्री कभी इस मेज पर नहीं बैठ सकते। इस पोस्ट को लेकर भाजपा नेता राहुल गांधी पर लगातार हमलावर हैं।
भाजपा के राष्ट्रीय मीडिया संयोजक आशीष ऊषा अग्रवाल ने कहा कि अमेरिका, रूस और चीन की त्रिपक्षीय बैठक भारत की वैश्विक स्थिति तय नहीं करती। उन्होंने ब्रिक्स, क्वाड, एससीओ, जी20 और जी7 जैसे मंचों पर भारत की भागीदारी का हवाला दिया और कहा कि भारत 2016 में मिसाइल प्रौद्योगिकी नियंत्रण व्यवस्था, 2017 में वासेनार व्यवस्था और 2018 में ऑस्ट्रेलिया समूह में शामिल हुआ तथा 2017 में एससीओ का पूर्ण सदस्य बना। उन्होंने सवाल उठाया कि जब डॉ. मनमोहन सिंह प्रधानमंत्री थे तब कांग्रेस नेता सोनिया गांधी विदेशी राष्ट्राध्यक्षों से क्यों मिलती थीं और आधिकारिक तौर पर उनका क्या अधिकार था।
भाजपा के सोशल मीडिया राष्ट्रीय संयोजक दीपक म्हस्के ने कहा कि हर अंतरराष्ट्रीय समूह भारत के इर्द-गिर्द नहीं घूमता। उन्होंने कहा कि एशिया-प्रशांत आर्थिक सहयोग की स्थापना नवंबर 1989 में हुई थी, जब राजीव गांधी प्रधानमंत्री थे, और चूंकि भारत की सीमा प्रशांत महासागर से नहीं लगती, इसलिए एपेक में भारत की गैरमौजूदगी पर सवाल उठाने का कोई मतलब नहीं है। इधर, शिकागो विश्वविद्यालय में छात्रों से संवाद के दौरान राहुल गांधी ने कहा था कि भारत वैश्विक मामलों में हाशिए पर चला गया है और अब गौण भूमिका निभाने वाला देश बन गया है।
