हिमाचल प्रदेश की कांग्रेस सरकार 11 दिसंबर को हमीरपुर जिले के सुजानपुर में अपने चार साल पूरे होने का समारोह मनाएगी। यह आयोजन सरकार के रिपोर्ट कार्ड के साथ मिशन-2027 के लिए चुनावी रणनीति की शुरुआत का मंच भी बनेगा। समारोह में सरकार अपनी उपलब्धियां गिनाएगी, विपक्ष को घेरेगी और पार्टी कार्यकर्ताओं में चुनावी जोश भरेगी।

मुख्यमंत्री सुखविन्द्र सिंह सुक्खू ने समारोह की तैयारियों को लेकर सोमवार को राज्य सचिवालय शिमला में बैठक बुलाई है, जिसमें सभी विभागों के सचिव और विभागाध्यक्ष शामिल होंगे। सरकार ने विभागों से चार साल की उपलब्धियों का पूरा ब्यौरा मांगा है और अगले वर्ष की योजनाओं तथा प्राथमिकताओं का विजन तैयार करने को भी कहा है। विभागीय प्रस्तुतियों के आधार पर समारोह में चार साल के कामकाज का लेखा-जोखा और आगामी कार्ययोजना जनता के सामने रखी जाएगी।

रिपोर्ट कार्ड में आम लोगों और किसानों से जुड़ी योजनाओं को प्रमुखता दी जाएगी। किसानों से गेहूं, मक्की, अदरक और हल्दी की खरीद को बड़ी उपलब्धि के रूप में पेश किया जाएगा और इन योजनाओं का दायरा बढ़ाने की मंशा भी रखी जाएगी। सरकार प्राकृतिक आपदा से हुए नुकसान, आर्थिक चुनौतियों और राजनीतिक संकट के घटनाक्रम को भी अपने राजनीतिक विमर्श का हिस्सा बनाएगी। मुख्यमंत्री प्रदेश के अधिकारों और हितों की लड़ाई उठा सकते हैं, और राजनीतिक संकट के दौरान सरकार को अस्थिर करने के प्रयासों का उल्लेख कर भाजपा को निशाने पर लेने की तैयारी है।

सुजानपुर का चयन अपने आप में राजनीतिक महत्व रखता है। हमीरपुर मुख्यमंत्री सुक्खू के साथ पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और सांसद अनुराग ठाकुर का भी गृह जिला है, और सुजानपुर के पूर्व विधायक राजेंद्र राणा कांग्रेस छोड़कर भाजपा में शामिल हो चुके हैं। कैबिनेट मंत्रियों, विधायकों और बोर्ड-निगमों के अध्यक्षों व उपाध्यक्षों को अधिक से अधिक भीड़ जुटाने की जिम्मेदारी दी जाएगी। सरकार के पहले साल का समारोह धर्मशाला, दूसरे साल का बिलासपुर और तीसरे साल का जश्न मंडी में हुआ था।