हिमाचल प्रदेश हाई कोर्ट ने सिरमौर के गिरीपार क्षेत्र के हाटी समुदाय को बड़ी राहत देते हुए उनके अनुसूचित जनजाति (एसटी) दर्जे को चुनौती देने वाली याचिका खारिज कर दी है और समुदाय का एसटी दर्जा बहाल कर दिया है। अदालत ने स्पष्ट किया कि किसी समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने का अधिकार केवल संसद के पास है और हाई कोर्ट संसद द्वारा पारित कानून में हस्तक्षेप नहीं कर सकता।
हाटी समुदाय की ओर से पैरवी कर रहे वरिष्ठ अधिवक्ता श्रवण डोगरा और अशोक शर्मा ने फैसले को ऐतिहासिक बताया है। उन्होंने कहा कि हाई कोर्ट ने पहले से स्थापित कानून की पुष्टि की है और सुप्रीम कोर्ट के पूर्व फैसलों तथा सात जजों की पीठ के फैसले का हवाला देते हुए कहा कि इस मामले में हस्तक्षेप की कोई गुंजाइश नहीं है। सुप्रीम कोर्ट में अपील की संभावना पर डोगरा ने कहा कि किसी को रोका नहीं जा सकता, लेकिन बड़ी पीठों के कानून को देखते हुए अपील में सफलता की उम्मीद कम दिखती है।
याचिका दायर करने वाले एससी समुदाय के वकील अनिल कुमार मंगेट ने भी हाई कोर्ट के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार ने कोर्ट में जवाब दिया है कि सूची में पहले से शामिल एससी समुदाय को बाहर नहीं किया जाएगा और अगर उनके हक पहले की तरह बरकरार रहते हैं तो यह उनकी भी जीत है। उन्होंने बताया कि नई एससी समिति बन गई है, जिसके अध्यक्ष सुरेंद्र धर्मा हैं और सुप्रीम कोर्ट जाने या न जाने का फैसला वही कार्यकारिणी लेगी।
हाटी समुदाय ने फैसले का स्वागत करते हुए कहा कि गिरिपार के लाखों लोगों को हाई कोर्ट से बड़ी राहत मिली है, जो लंबे वक्त से इसके लिए लड़ाई लड़ रहे थे। नेता प्रतिपक्ष एवं पूर्व सीएम जयराम ठाकुर ने भी फैसले का स्वागत किया और कहा कि छह दशक लंबी लड़ाई के बाद अब हाटी समुदाय को उनका हक मिलेगा।
