हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले में हाटी समुदाय को अनुसूचित जनजाति का दर्जा बरकरार रखने के हिमाचल हाई कोर्ट के फैसले से करीब साढ़े तीन लाख लोगों को लाभ मिलने की उम्मीद है। उद्योग मंत्री एवं शिलाई के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने इस फैसले का स्वागत करते हुए इसे ट्रांस-गिरी क्षेत्र के लोगों के लंबे संघर्ष की जीत बताया। उनके अनुसार केंद्र सरकार की अधिसूचना को चुनौती देने वाली याचिका खारिज होने से हाटी समुदाय को मिले एसटी दर्जे पर कानूनी स्थिति और मजबूत हुई है।

चौहान ने बताया कि ट्रांस-गिरी क्षेत्र में पूरा शिलाई विधानसभा क्षेत्र, रेणुका विधानसभा क्षेत्र और राजगढ़ तहसील शामिल हैं। इसके अलावा पांवटा साहिब तहसील की 14 पंचायतें भी इस क्षेत्र का हिस्सा हैं। इन क्षेत्रों की कुल आबादी करीब तीन से साढ़े तीन लाख है। उन्होंने कहा कि इस आबादी में लगभग 20 से 25 प्रतिशत ओबीसी और 30 प्रतिशत अनुसूचित जाति वर्ग के लोग हैं।

मंत्री ने बताया कि संसद से कानून पारित होने और हिमाचल सरकार की ओर से अधिसूचना जारी होने के बाद चार जनवरी 2024 को हाई कोर्ट में मामला पहुंचा था। इसके बाद करीब तीन साल तक कानूनी लड़ाई चली। उन्होंने इस मामले में पूर्व एडवोकेट जनरल श्रवण डोगरा की पैरवी की सराहना की और मुख्यमंत्री, सरकार तथा मामले से जुड़े सभी अधिवक्ताओं का आभार जताया।

हाटी समुदाय को एसटी दर्जा दिलाने की मांग को लेकर वर्ष 1968 से प्रयास किए जा रहे थे। इस मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह और प्रेम कुमार धूमल तथा पूर्व सांसद वीरेंद्र कश्यप ने अलग-अलग समय में प्रयास किए। भाजपा की ओर से फैसले को अपनी जीत बताए जाने पर चौहान ने कहा कि हाटी समुदाय का मुद्दा सामाजिक है और इसे राजनीतिक रंग देना उचित नहीं है।