एसीसी मेंस राइजिंग स्टार एशिया कप 2026 में शुक्रवार को इंडिया ए की टीम नेपाल के खिलाफ मुश्किल में दिख रही थी, लेकिन कप्तान तिलक वर्मा और कुमार कुशाग्र ने शतक जड़कर टीम को संभाला। शुरुआत में भारत ने सिर्फ 42 रन पर तीन विकेट गंवा दिए थे। अभिषेक शर्मा 9 रन, आयुष बडोनी 2 रन और वैभव सूर्यवंशी 26 रन बनाकर आउट हुए।

इसके बाद तिलक और कुशाग्र ने पहले क्रीज पर समय लिया और फिर नेपाल के गेंदबाजों पर हमला बोला। कुशाग्र ने 93 गेंदों में शतक पूरा किया और 102 गेंदों में 117 रन बनाए, जिसमें 10 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। कप्तान तिलक ने 113 गेंदों में 107 रन की पारी खेली, जिसमें छह चौके और चार छक्के लगे। दोनों के बीच 206 रन की साझेदारी हुई।

तिलक के आउट होने के बाद भारतीय टीम ने एक छोर से विकेट गंवाने शुरू किए, लेकिन सूर्यांश शेडगे ने दूसरा छोर संभाला। उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों में 36 रन ठोके, जिसमें चार छक्के और एक चौका शामिल रहा। शेडगे की विस्फोटक पारी की बदौलत भारत ने 9 विकेट के नुकसान पर 332 रन बनाए।

नेपाल को यह मैच जीतने के लिए 333 रन चाहिए, जो उसके लिए आसान नहीं होगा।