भारत और न्यूजीलैंड के बीच दूसरा टेस्ट गुरुवार से क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में खेला जाएगा। इस मैदान की पिच पर शुरुआती घास के बावजूद बल्लेबाजी के अनुकूल होने की उम्मीद है। पहले टेस्ट की मेजबानी करने वाले बेसिन रिजर्व की पिच में 15 मिमी घास थी, जबकि हेगले ओवल में 14 मिमी घास है। वेलिंगटन में 15 में से सिर्फ एक सत्र तक ही घास टिकी और 14 सत्र गेंदबाज मार खाते रहे। क्राइस्टचर्च में भी पांचों दिन अधिकतर समय धूप खिली रहने की संभावना है, ऐसे में यहां भी एक-दो सत्र ही तेज गेंदबाजों को मदद मिलेगी।
पहले टेस्ट में 250 से ज्यादा ओवर फेंकने वाली भारतीय टीम सोमवार को यहां पहुंची, लेकिन थकान के कारण मंगलवार को अभ्यास नहीं किया। टीम ने बुधवार को भी वैकल्पिक अभ्यास सत्र रखा है। भारतीय टीम अगर न्यूजीलैंड को हरा देती है तो वह इस दौरे में तीनों सीरीज अपने नाम कर लेगी। विदेश में दो टेस्ट के बीच अमूमन इतने कम दिन का अंतर नहीं होता, लेकिन अब इसी से काम चलाना पड़ेगा।
हेगले ओवल की पिच लगभग बेसिन रिजर्व जैसी ही होगी, हालांकि यहां थोड़ा बाउंस होगा। पहले टेस्ट के शुरुआत में थोड़ी सीम मूवमेंट जरूर थी और मैच के पहले 28.2 ओवरों में ही पांच विकेट गिर गए थे, लेकिन उसके बाद किसी भी गेंदबाज को अधिक मदद नहीं मिली। मैच के पांच दिनों में 407 ओवरों के खेल में कुल 24 विकेट गिरे। इस मैदान पर भारत-ए और न्यूजीलैंड-ए के बीच हुए चार दिवसीय मैच से भी परिस्थितियों का अंदाजा मिल चुका है। तब भारत-ए ने ध्रुव जुरैल के 105 रनों की मदद से पहली पारी में 346 रन बनाए, जवाब में न्यूजीलैंड-ए ने मैट बॉयल के 110 रनों की बदौलत 424 रन बनाए। इसके बाद भारत-ए ने दूसरी पारी में दो विकेट पर 282 रन बनाए, जिसमें यशस्वी जायसवाल 155 रन बनाकर नाबाद रहे। उस मैच में भी पिच पूरी तरह सपाट हो गई थी।
क्राइस्टचर्च के स्थानीय खिलाड़ी और वॉबल सीम गेंद फेंकने में माहिर न्यूजीलैंड के तेज गेंदबाज मैट हेनरी ने कहा कि उम्मीद है कि यहां थोड़ा बाउंस मिलेगा। उन्होंने कहा कि हर मैच अलग होता है और जिस सतह पर खेलते हैं वह भी थोड़ी अलग होती है। हाल के दिनों में यहां काफी रन बने हैं, इसलिए जरूरी है कि बहुत अधिक उम्मीदें न पालें और पिच को समझने की कोशिश करें। हेनरी ने कहा कि हेगले ओवल में पारंपरिक रूप से तेज गेंदबाजों को मदद मिलती रही है, खासकर जब पिच पर उछाल और कैरी हो, लेकिन जैसे-जैसे मैच आगे बढ़ता है, पिच बल्लेबाजी के लिए और बेहतर होती जाती है। उन्होंने कहा कि न्यूजीलैंड में आम तौर पर जिन विकेटों पर घास होती है, वे समय के साथ और बेहतर होते जाते हैं और यहां भी ऐसा ही हुआ है। यह बल्लेबाजी के लिए अच्छा मैदान है और यहां तेजी से रन भी बनाए जा सकते हैं।
हेनरी ने कहा कि इस पिच पर कुछ ऐसे पल आते हैं जब बल्लेबाजों को अपने डिफेंस पर थोड़ा भरोसा करना पड़ता है, लेकिन एक बार जब आप उन मुश्किल पलों से निकल जाते हैं तो गेंदबाजों पर दबाव बना सकते हैं। जब पिच सपाट हो जाती है तो गेंदबाज के लिए गलती की गुंजाइश बहुत कम रह जाती है। सीरीज से पहले भारत को न्यूजीलैंड के जिस तेज गेंदबाज से सबसे ज्यादा खतरा माना जा रहा था, वह हेनरी ही थे। उन्होंने चौथे वनडे में अपने पहले ओवर में ही भारत के तीन विकेट लेकर कोहराम मचा दिया था और माउंट माउनगानुई में 27 रन देकर छह विकेट लिए थे। उस पिच पर सीम मूवमेंट और बाउंस दोनों मौजूद थे। हालांकि वेलिंगटन की सपाट पिच पर उनकी धार कुंद नजर आई।
अगर न्यूजीलैंड यहां टॉस जीतता है तो वह शुरुआती एक-दो सत्र में भारत की पहली पारी को तहस-नहस कर सकते हैं। हेनरी का इस मैदान पर प्रदर्शन शानदार रहा है। टेस्ट क्रिकेट में उनके दो सबसे बेहतरीन प्रदर्शन इसी मैदान पर आए हैं। उन्होंने फरवरी 2022 में 23 रन देकर सात विकेट और मार्च 2024 में 67 रन देकर सात विकेट इसी
