गाजियाबाद में प्रदूषण की समस्या कम करने के लिए 100 नई इलेक्ट्रिक बसें चलाई जाएंगी। उत्तर प्रदेश के परिवहन आयुक्त ने बुधवार को गाजियाबाद के कलक्ट्रेट में हुई बैठक में यह बात कही। उम्मीद है कि नए साल तक जिले में इलेक्ट्रिक बसों की संख्या 50 से बढ़कर 150 हो जाएगी। अधिकारी ने कहा कि लोग निजी वाहन छोड़कर इलेक्ट्रिक बसों में सफर करें, जिससे प्रदूषण कम हो।
परिवहन आयुक्त आशुतोष निरंजन को वायु प्रदूषण की रोकथाम और वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग के निर्देशों का अनुपालन सुनिश्चित करने के लिए नोडल अधिकारी नियुक्त किया गया है। दौरे के दौरान उन्होंने जिले के नौ हॉटस्पॉट में से साहिबाबाद इंडस्ट्रियल एरिया और सिद्धार्थ विहार का निरीक्षण किया और प्रदूषण की वजहों तथा रोकथाम के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी ली। इसके बाद यातायात व्यवस्था को बेहतर करने के लिए आईटीएमएस प्रोजेक्ट की जानकारी के लिए नगर निगम कार्यालय का निरीक्षण किया।
बैठक में अधिकारी ने कहा कि प्रदूषण में वाहनों की 40 प्रतिशत हिस्सेदारी है और पुराने वाहन अधिक प्रदूषण फैलाते हैं। सरकार ने डीजल वाहनों के लिए दस साल और पेट्रोल वाहनों के लिए 15 साल की समय सीमा तय की है, और उम्र पूरी कर चुके वाहनों को स्क्रैप कराने का नियम है। उन्होंने कहा कि गाजियाबाद में इस दिशा में बेहतर काम हुआ है। उन्होंने मेट्रो ट्रेन के रूट के विस्तार का सुझाव प्रदेश सरकार को अवगत कराने की बात भी कही, जिससे जाम की समस्या और सड़कों पर वाहन कम हों।
परिवहन आयुक्त ने आमजन से इलेक्ट्रिक वाहनों की खरीद को बढ़ावा देने की अपील की। उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर रोड टैक्स माफ कर रही है और कंपनियों की ओर से इलेक्ट्रिक वाहन खरीदने पर लगभग 12 प्रतिशत तक डिस्काउंट दिया जा रहा है। इसके अलावा यूपी एनसीआर के आठ जिलों में अब तक दस हजार लोगों ने इलेक्ट्रिक व्हीकल खरीदने के लिए पंजीकरण कराया है।
