ढाका: बांग्लादेश सरकार ने बुधवार को कहा कि अवामी लीग को देश में कभी भी राजनीति करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। साथ ही अपदस्थ प्रधानमंत्री शेख हसीना के भारत से प्रत्यर्पण के लिए राजनयिक माध्यमों से प्रयास किए जा रहे हैं। रिपोर्टों के मुताबिक, गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने अवामी लीग को 'फासीवादी एवं माफिया ताकत' करार देते हुए आरोप लगाया कि जुलाई 2024 के विद्रोह के दौरान हुई सामूहिक हत्याओं के लिए यही पार्टी जिम्मेदार है।

ढाका स्थित बांग्लादेश सचिवालय में संवाददाताओं से बात करते हुए अहमद ने कहा कि अवामी लीग को बांग्लादेश में कभी राजनीति नहीं करने दी जाएगी। उन्होंने अवामी लीग की तुलना जर्मनी की नाजी पार्टी से करते हुए कहा कि सामूहिक हत्याओं में शामिल होने के कारण नाजी पार्टी पर भी राजनीति करने से रोक लगा दी गई थी।

यह बयान हसीना के प्रवक्ता सैयद मुजम्मिल अली के उस कथन के एक दिन बाद आया है, जिसमें उन्होंने कहा था कि 79 वर्षीय अपदस्थ प्रधानमंत्री 16 दिसंबर को स्वदेश लौटने की योजना बना रही हैं। बांग्लादेश 16 दिसंबर को 1971 में पाकिस्तान पर अपनी जीत का जश्न मनाता है, जिसे 'मुक्ति संग्राम' के तौर पर जाना जाता है। अली ने कहा था कि हसीना ने बांग्लादेश सरकार से राष्ट्रीय विमानन कंपनी के विमान से नयी दिल्ली से उनकी स्वदेश वापसी की व्यवस्था करने का अनुरोध भी किया है।

हसीना अगस्त 2024 में छात्र आंदोलन के बाद सरकार गिरने पर ढाका से भागकर भारत आ गई थीं और तब से वह भारत में रह रही हैं। उनकी संभावित वापसी के बारे में पूछे जाने पर अहमद ने कहा कि बांग्लादेश और भारत के बीच प्रत्यर्पण संधि के तहत उन्हें वापस लाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि विदेश मंत्रालय इस मामले में नयी दिल्ली के साथ राजनयिक माध्यमों से बातचीत कर रहा है।