उत्तर पश्चिमी और पश्चिमी दिल्ली में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सिरसपुर और हस्तसाल में कुल 1,815 बेड क्षमता वाले दो अस्पताल बनाए जा रहे हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के अनुसार इन दोनों अस्पतालों को अगले वर्ष शुरू किया जाएगा। बुधवार को दिल्ली सचिवालय में स्वास्थ्य विभाग की विभिन्न परियोजनाओं की समीक्षा के दौरान उन्होंने अधिकारियों को सभी परियोजनाएं तय समय सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए।

मुख्यमंत्री ने बताया कि सिरसपुर में 1,164 बेड का अस्पताल तैयार हो चुका है और चिकित्सा उपकरणों की खरीद प्रक्रिया जनवरी के अंत तक पूरी करने का लक्ष्य है। हस्तसाल में 651 बेड के अस्पताल का निर्माण भी लगभग पूरा होने को है और इसे भी अगले वर्ष शुरू किया जाएगा।

दिल्ली में कुल 1,139 आयुष्मान आरोग्य मंदिर विकसित करने का लक्ष्य है, जिनमें से 415 केंद्र शुरू हो चुके हैं। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की जयंती के अवसर पर अगले महीने 40 अन्य आरोग्य मंदिर शुरू करने का लक्ष्य रखा गया है। अधिक मरीजों वाले आरोग्य मंदिरों में दो पारियों में सेवा शुरू करने की योजना पर भी काम चल रहा है।

स्वास्थ्य मंत्री डॉ. पंकज कुमार सिंह ने कहा कि विभाग सभी परियोजनाओं की नियमित निगरानी कर रहा है। मुख्यमंत्री के अनुसार वर्ष 2028 तक मादीपुर और ज्वालापुरी में 691-691 बेड के अस्पताल तैयार हो जाएंगे। मादीपुर अस्पताल 466.50 करोड़ रुपये और ज्वालापुरी अस्पताल 484.04 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे हैं। पुराने अस्पतालों में मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य सुविधाओं का भी विस्तार किया जा रहा है।