दिल्ली में इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए केंद्र की पीएम ई-ड्राइव योजना के तहत 180 स्थानों पर 540 पब्लिक ईवी चार्जर लगाए जाएंगे। इस परियोजना पर करीब 62 करोड़ रुपये खर्च होने का अनुमान है। नोडल एजेंसी दिल्ली ट्रांसको लिमिटेड (डीटीएल) ने ऑपरेटर नियुक्त करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।

बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार, एक ही स्थान पर दो पहिया वाहनों से लेकर कार और व्यावसायिक वाहन तक चार्ज किए जा सकेंगे। हर चयनित स्थान पर तीन तरह के चार्जर लगेंगे — दो पहिया और तीन पहिया वाहनों के लिए 12 किलोवाट का, एन1 मालवाहक और चार पहिया वाहनों के लिए 60 किलोवाट का चार्जर, साथ ही 120 किलोवाट का फास्ट चार्जर भी उपलब्ध होगा।

चार्जिंग स्टेशन पश्चिमी और उत्तरी दिल्ली में 90 तथा दक्षिणी, नई दिल्ली और पूर्वी दिल्ली में 90 स्थानों पर बनाए जाएंगे। दिल्ली ईवी नीति 2026 के तहत 1 जनवरी 2027 से केवल इलेक्ट्रिक थ्री-व्हीलर और इलेक्ट्रिक एन1 मालवाहक का नया पंजीकरण होगा, जबकि 1 अप्रैल 2028 से केवल इलेक्ट्रिक दो पहिया वाहनों का पंजीकरण किया जाएगा। इससे पब्लिक चार्जिंग की मांग तेजी से बढ़ने की उम्मीद है।

वायु गुणवत्ता प्रबंधन आयोग ने दिसंबर 2029 तक दिल्ली में 32,062 चार्जिंग पाइंट स्थापित करने का लक्ष्य दिया है। अधिकारियों का कहना है कि दिल्ली में वायु प्रदूषण में वाहनों से होने वाले उत्सर्जन का बड़ा योगदान है और इलेक्ट्रिक वाहनों से इसमें सुधार होने की उम्मीद है। लोग इलेक्ट्रिक वाहन खरीदें, इसके लिए चार्जिंग की समस्या दूर करनी होगी।