नई दिल्ली। सुप्रीम कोर्ट ने बुधवार को स्पष्ट किया कि दोषसिद्धि के फैसले पर केवल इस आधार पर रोक नहीं लगाई जा सकती कि विधायक विधानसभा की सदस्यता के लिए अयोग्य हो जाएगा। जस्टिस प्रशांत कुमार मिश्रा और जस्टिस श्री चंद्रशेखर की पीठ ने कहा कि ऐसी व्याख्या से हर दोषी विधायक स्वत: दोषसिद्धि पर रोक का हकदार हो जाएगा और वह अपना कार्यकाल पूरा करने तथा आगे चुनाव लड़ने के योग्य बना रहेगा, जबकि कानून के तहत तय परिणाम अनिवार्य रूप से लागू होने चाहिए।
यह टिप्पणी शीर्ष अदालत ने कर्नाटक हाई कोर्ट के 31 जुलाई के आदेश को रद करते हुए की। हाई कोर्ट ने भाजपा के जिला पंचायत सदस्य योगेश गौदर की हत्या के मामले में दोषी ठहराए गए आठ लोगों की सजा निलंबित कर जमानत दी थी, जिनमें कर्नाटक के पूर्व मंत्री विनय कुलकर्णी भी शामिल थे। सुप्रीम कोर्ट ने कुलकर्णी की जमानत रद करते हुए उन्हें उम्रकैद की सजा काटने के लिए दो सप्ताह के भीतर आत्मसमर्पण करने का निर्देश दिया।
पीठ ने कहा कि दोषसिद्धि पर रोक केवल दुर्लभ और असाधारण मामलों में लगाई जा सकती है, तभी जब अदालत आदेश के सभी पहलुओं और प्रभावों की जांच के बाद संतुष्ट हो कि दोषी को ऐसे प्रतिकूल परिणाम भुगतने पड़ेंगे जिनकी भरपाई संभव नहीं होगी। फैसले में बाध्यकारी कारण स्पष्ट किए बिना जघन्य अपराधों में दोषी ठहराए गए लोगों को सजा निलंबित करने का लाभ नहीं दिया जा सकता।
अदालत ने कहा कि आपराधिक अपील का लंबित होना और निकट भविष्य में सुनवाई की संभावना कम होना हत्या, डकैती, दुष्कर्म, फिरौती जैसे गंभीर अपराधों में सजा निलंबित करने का आधार नहीं हो सकता। पीठ ने कहा कि हाई कोर्ट में आपराधिक अपीलों का लंबे समय तक लंबित रहना एक वास्तविकता है, लेकिन इसका अर्थ यह नहीं कि उम्रकैद की सजा पाए व्यक्ति को सजा निलंबित करने का लाभ अपने आप मिल जाएगा। यह मुद्दा मुख्य रूप से प्रशासनिक स्तर पर सुलझाया जाना चाहिए। सजा निलंबित करने का आदेश तभी दिया जा सकता है, जब अपीलीय अदालत को लगे कि दोषी के बरी होने की उचित संभावना है।
