पाकिस्तान के जलवायु मंत्री मुसादिक मसूद मलिक की भारत यात्रा के बीच विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को कहा कि सिंधु जल समझौते पर भारत अपने रुख पर कायम है और इसमें कोई बदलाव नहीं हुआ है। मलिक एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में हिस्सा लेने के लिए नई दिल्ली आए हैं। वह ऐसे मंत्री हैं जिन्होंने ऑपरेशन सिंदूर के बाद समझौता रद्द करने पर पानी रोकने वाले का हाथ काटने की धमकी दी थी।
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जयसवाल ने मलिक के भारत आगमन और सिंधु जल संधि पर उनके पहले के राजनीतिक बयानों से जुड़े सवाल का जवाब देते हुए कहा कि जहां तक सिंधु जल समझौते की बात है, भारत ने अपनी स्थिति स्पष्ट कर दी है और वही स्थिति बनी हुई है। इसमें बिल्कुल कोई बदलाव नहीं हुआ है। मलिक शुक्रवार को नई दिल्ली पहुंचे, जहां वह 20 से 22 नवंबर तक चल रहे एससीओ सभ्यतागत संवाद मंच में पाकिस्तानी प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व कर रहे हैं। यह आयोजन पुराना किला परिसर में केंद्रीय संस्कृति मंत्रालय और विदेश मंत्रालय की मेजबानी में हो रहा है, जिसमें एससीओ सदस्य देशों के प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं।
जब जयसवाल से पूछा गया कि क्या मलिक का दौरा भारत-पाकिस्तान संबंधों में सुधार ला सकता है, तो उन्होंने सीधा जवाब देने से बचते हुए कहा कि यह मंच बहुपक्षीय चर्चाओं पर केंद्रित है। उन्होंने कहा कि इस पर चर्चा होगी और फिलहाल सबसे पहला काम यह है कि यह मंच बहुपक्षीय है, जिसमें हिस्सा लेना चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि वह आगामी एक-दो दिनों में चर्चाओं के बाद मीडिया से बात करेंगे।
मलिक ने शुक्रवार को पुराना किला परिसर में आयोजित मंच से इतर संवाददाताओं से कहा कि नई दिल्ली और इस्लामाबाद के बीच बातचीत को बढ़ावा देने में संस्कृति की अहम भूमिका है और आपसी समझ के जरिये ही बातचीत आगे बढ़ सकती है। उन्होंने कहा कि संस्कृति केवल दो देशों तक सीमित नहीं है, बल्कि इसकी क्षेत्रीय भूमिका भी है। उन्होंने कहा कि जब तक हम एक-दूसरे को, सोचने के तरीके को और रहन-सहन के ढंग को नहीं समझेंगे, तब तक आगे नहीं बढ़ पाएंगे। द्विपक्षीय मुद्दों के सवाल पर मलिक ने कहा कि यह एक बहुपक्षीय कार्यक्रम है और यहां कोई द्विपक्षीय मामले नहीं हैं।
